ओलंपिक में 2 मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी, अब मनु भाकर ने भी की एंट्री
ओलंपिक में 2 मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी, अब मनु भाकर ने भी की एंट्री
Olympics 2024: भारतीय शूटर मनु भाकर स्वतंत्रता के बाद एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। मनु भाकर के अलावा पहलवान सुशील कुमार और पीवी सिंधू ने भी दो ओलंपिक पदक जीते हैं, लेकिन यह पदक अलग-अलग साल में आए हैं।
Published : Jul 30, 2024 05:43 pm IST, Updated : Jul 30, 2024 05:45 pm IST
1/6Image Source : pti
भारतीय शूटर मनु भाकर स्वतंत्रता के बाद एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं। मनु भाकर के अलावा पहलवान सुशील कुमार और पीवी सिंधू ने भी दो ओलंपिक पदक जीते हैं, लेकिन यह पदक अलग-अलग साल में आए हैं।
2/6Image Source : Getty
पीवी सिंधू : -
भारत की बड़ी बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल पीवी सिंधू रियो डि जिनेरियो में 2016 ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली देश की पहली शटलर बनीं। हैदराबाद की इस खिलाड़ी ने इसके तीन साल बाद टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता। साल 2019 की विश्व चैंपियन सिंधु अब तीन ओलंपिक पदक जीतने वाली भारतीय एथलीट बनने की उपलब्धि की ओर बढ़ रही है। वह पेरिस ओलंपिक में महिला एकल में पदक की दावेदारों में शामिल है।
3/6Image Source : getty
सुशील कुमार : -
पहलवान सुशील कुमार व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के पहले दो बार के ओलंपिक पदक विजेता हैं। 2008 बीजिंग ओलंपिक में उनके कांस्य पदक ने भारतीय कुश्ती को विश्व मानचित्र पर जगह दिलाई, वहीं उन से प्रेरित होकर देश में से अधिक पहलवानों ने इस खेल को अपनाया। उन्होंने 2012 लंदन ओलंपिक में पहली बार कुश्ती में रजत पदक हासिल करके अपनी उपलब्धि में सुधार किया। खेलों में शीर्ष पहुंचने वाले सुशील को निजी जिंदगी में धरातल पर गिरते देखना दुखद था। उन्हें 2021 में जूनियर पहलवान सागर धनखड़ की हत्या में शामिल पाया गया था और वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में अपनी सजा काट रहे हैं।
4/6Image Source : AP
मनु भाकर : -
मनु भाकर ने पेरिस खेलों में दो पदक जीतकर सिंधू और सुशील की बराबरी करने के साथ एक ही ओलंपिक में इस उपलब्धि को हासिल करने वाली पहली भारतीय बन गई। मनु ने शानदार खेल दिखाते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य जीतने के बाद मंगलवार को सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम वर्ग में दक्षिण कोरिया को हराकर अपना दूसरा कांस्य पदक जीता। तीन साल पहले टोक्यो ओलंपिक में पिस्टल खराब होने के कारण नम आंखों के साथ वापस आने वाली मुन के पास पेरिस में तीसरा पदक जीतने का भी मौका है। मनु को अभी 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में चुनौती पेश करनी है।
5/6Image Source : AP
मनु-सरबजोत की ऐतिहासिक जीत, देश भर से मिली बधाइयां : -
ब्रॉन्ज मेडल की लड़ाई में चाहे मनु भाकर के लिए व्यक्तिगत हो या टीम स्पर्धा दोनों मुकाबले आसान नहीं रहे। लेकिन उनका धैर्य, फोकस और आत्मविश्वास अटूट था जिसका लाभ उन्हें मिला जबकि सरबजोत ने भी हिम्मत बनाए रखी और व्यक्तिगत मैच गंवाने के बाद कमबैक करते हुए टीम गेम में ओलंपिक में अपना पहला मेडल जीता। मंगलवार को 10 मीटर एयर पिस्टल के मिक्स्ड टीम इवेंट के ब्रॉन्ज मेडल मैच में मनु और सरबजोत ने कोरियाई जोड़ी को 16-10 से हराया। इस मौके पर पूरा देश दोनों स्टार शूटर्स को बधाई दे रहा है। पेरिस ओलंपिक में तीसरा दिन भारत के लिए अच्छा नहीं रहा लेकिन चौथे दिन की शुरुआत में ही भारत की झोली में मेडल आया है।
6/6Image Source : AP
शूटिंग में भारत के पास इतिहास रचने का मौका : -
टोक्यो ओलंपिक में मिली निराशा से उभरते हुए भारतीय निशानेबाजों ने पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन किया है। मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक जीतकर मेडल टैली में भारत का खाता खोला था। इसके बाद मनु भाकर ने मंगलवार को मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में सरबजोत सिंह के साथ एक और मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। भारत पेरिस ओलंपिक में अभी तक दो मेडल जीत चुका है और यह दोनों शूटिंग में ही आए हैं। दोनों मेडल में मनु भाकर का अहम योगदान रहा है। यह ओलंपिक के शूटिंग इवेंट्स में, मेडल जीतने की संख्या के मामले में, भारत की बेस्ट परफॉरमेंस की बराबरी भी हो गई है। पेरिस ओलंपिक में भारतीय निशानेबाजों के इवेंट अभी बाकी हैं और भारत के पास शूटिंग में मेडल की संख्या के मामले में एक नया रिकॉर्ड बनाने का अवसर है।