भारत के खिलाफ दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 191 रनों का स्कोर खड़ा किया है। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडिलेड ओवल मैदान पर जारी मैच में हेड के साथ मिशेल स्टॉर्क (8) नाबाद लौटे।
भारत की ओर से पहली पारी में बनाए गए 250 रनों के स्कोर के आधार पर ऑस्ट्रेलिया टीम अब भी 59 रन पीछे है और ऐसे में अब भी भारतीय टीम अच्छी स्थिति में हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए शुक्रवार को पहली पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसे 100 का आंकड़ा पार करने से पहले ही अपने चार बल्लेबाजों को गंवाना पड़ा।
सलामी बल्लेबाज एरॉन फिंच पहले ओवर की तीसरी गेंद पर ईशांत शर्मा के हाथों बोल्ड हो गए। उन्हें खाता खोलने का मौका भी नहीं मिला। इसके बाद, मार्कस हैरिस (26) ने उस्मान ख्वाजा (28) के साथ 45 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन रविचंद्रन अश्विन ने इस कोशिश पर पानी फेर दिया।
अपने करियर का तीसरा टेस्ट मैच खेल रहे हेड ने दूसरा अर्धशतक पूरा किया है। उन्होंने 149 गेंदों पर छह चौके लगाए।
भारतीय टीम के लिए इस पारी में अश्विन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, वहीं इशांत और जसप्रीत को दो-दो विकेट हासिल हुए।