1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अहमदाबाद: कोरोना से 16 साल की लड़की की मौत, डॉक्टर बोले- 'ऑक्सीजन लेवल कम था, हेपेटाइटिस भी था'

अहमदाबाद: कोरोना से 16 साल की लड़की की मौत, डॉक्टर बोले- 'ऑक्सीजन लेवल कम था, हेपेटाइटिस भी था'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 09, 2025 02:45 pm IST,  Updated : Jun 09, 2025 02:45 pm IST

डॉक्टर ने बताया कि मृतक लड़की के अंदर कोरोना के लक्षण थे और उसे तेज बुखार था। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वह हेपेटाइटिस से भी पीड़ित थी।

Corona bed- India TV Hindi
कोरोना मरीजों के लिए बेड तैयार करती स्वास्थ्यकर्मी Image Source : PTI

गुजरात के अहमदाबाद में कोविड-19 से संक्रमित 16 साल की लड़की की मौत हो गई। यह लड़की चार जून को अस्पताल में भर्ती हुई थी। उसे तेज बुखार था। कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद डॉक्टरों ने उसका खून पतला करने के लिए कुछ इंजेक्शन दिए थे, लेकिन उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि वह हेपेटाइटिस से भी पीड़ित थी।

लड़की की मौत पर जीएमईआरएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आरएमओ, डॉ. किरण गोस्वामी ने कहा, "हमारे अस्पताल में एक सोलह वर्षीय लड़की थी, जिसकी हाल ही में मृत्यु हो गई। उस मरीज को 4 जून को हमारे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, और हमारे डॉक्टर ने कहा कि उसमें कोविड-19 के लक्षण थे। उसे तेज बुखार था, और हमने उसका परीक्षण करवाया, और उसका रक्त परीक्षण करवाया। सभी परीक्षण करने के बाद, उसकी रिपोर्ट कोविड-पॉजिटिव आई। इसलिए हमारे डॉक्टरों ने उसे कुछ इंजेक्शन और रक्त को पतला करने के लिए कम आणविक भार हेपरिन दिया था। मरीज वेंटिलेटर पर थी और उसका ऑक्सीजन स्तर ठीक नहीं था। अंततः, उसकी मृत्यु हो गई। उसे हेपेटाइटिस भी था।"

गुजरात में कोरोना के 500 से ज्यादा मामले़

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण एक बार फिर बढ़ रहा है। सभी राज्यों में कोरोना के मामले सामने आए हैं। हालांकि, अबकी बार मौतों का आंकड़ा या संक्रमण दर इतनी ज्यादा नहीं है। इस वजह से सरकार की तरफ से कोई विशेष गाइडलाइन नहीं जारी की गई है। हालांकि, कर्नाटक जैसे राज्यों में मामले ज्यादा हैं। ऐसे में सरकार ने सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने और बीमार होने पर बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की सलाह दी है। इसके साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

बुधवार को 119 नए मामले सामने आए थे

गुजरात के स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को बताया था कि राज्य में कोरोना वायरस के 119 नए मामले सामने आए, जिससे उपचाराधीन मामलों की संख्या 508 हो गई, जबकि संक्रमण से किसी मौत की खबर नहीं आई। विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों में 119 नए मामले सामने आने के बाद कोरोना वायरस के कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या 508 हो गई है। इनमें से 18 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 490 अन्य घर पर पृथकवास में इलाज करा रहे हैं। (इनपुट-एएनआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।