1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के कई जिलों में मूसलाधार बारिश, कई रोड और अंडरपास बंद, सड़कों पर जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी

गुजरात के कई जिलों में मूसलाधार बारिश, कई रोड और अंडरपास बंद, सड़कों पर जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 19, 2025 11:58 am IST,  Updated : Jun 19, 2025 12:23 pm IST

गुजरात के कई जिलों में गुरुवार को भी तेज बारिश हो रही है। इसकी वजह से कई सड़कों और बाजारों में जलभराव हो गया है।

वापी टाउन मुख्य बाजार में जलभराव- India TV Hindi
वापी टाउन मुख्य बाजार में जलभराव Image Source : INDIA TV

अहमदाबादः गुजरात के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश से गांधीनगर-अहमदाबाद समेत कई शहरों में जलभराव हो गया है। वलसाड जिले के वापी में आज सुबह से भारी बारिश हो रही है। वलसाड जिले में पिछले चार घंटे के अंदर 70 MM के करीब बारिश हुई है। धरमपुर में 70 MM, कपराडा में 50 MM, वापी में 45 MM और उमरगांव में 25 MM बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले चार दिनों के दौरान दाहोद, वलसाड, पोरबंदर, जूनागढ़, भावनगर, गिर सोमनाथ, सूरत, नवसारी, भरूच और डांग सहित गुजरात के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। 

25 जून तक बारिश रहेगी जारी

भारी बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव देखा जा रहा है। अहमदाबाद शहर का शाहीबाग इलाका भारी बारिश के बाद जलमग्न हो गया। गांधीनगर में बारिश और आंधी के बाद जलमग्न अंडरपास को पार करने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे कई वाहन फंस गए। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें पूर्वानुमान लगाया गया है कि 25 जून तक बारिश और आंधी की स्थिति बनी रहेगी। 

कई सड़कें और पुल यातायात के लिए बंद

बता दें कि गुजरात के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। बोटाड जिले में 40 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि उफनती नदी में एक कार के बह जाने से उसमें सवार पांच लोग लापता हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया और कुछ सड़कें और पुल यातायात के लिए बंद करनी पड़ी है। 

पिछले 24 घंटों में बोटाड, भावनगर और अमरेली जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश हुई, जबकि सुरेन्द्रनगर, राजकोट, मोरबी, अहमदाबाद, आणंद, भरूच और सूरत जैसे अन्य जिलों में भी भारी बारिश हुई। दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर और गुजरात के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है और गुजरात क्षेत्र और आसपास के क्षेत्रों में बने निम्न दबाव क्षेत्र तथा इससे जुड़े ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के कारण आने वाले दिनों में और अधिक बारिश होने की संभावना है। 

इनपुट- एएनआई और पीटीआई

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।