आईपीएल 2026 फाइनल के चलते अहमदाबाद में होटल और फ्लाइट का किराया सातवें आसमान पर पहुंच गया है। दिल्ली से अहमदाबाद की फ्लाइट के दाम 31 मई को 14 हजार रुपये से ज्यादा हैं। वहीं, होटल की कीमतें भी 35 हजार रुपये तक पहुंच चुकी हैं। जीएसटी मिलाकर यहां रुकने वाले लोगों को 41 हजार रुपये से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाना है।
अहमदाबाद और गांधीनगर के होटलों में डायनेमिक प्राइसिंग लागू है। यहां मांग के अनुसार कमरों के दाम बढ़ते हैं। इस वजह से होटल का किराया 300% से 500% तक बढ़ गया है। जो 3-स्टार और 4-स्टार होटल आम दिनों में एक दिन का ₹4,000 से ₹6,000 चार्ज करते थे, उनका किराया अब ₹25,000 से ₹36,000 हो चुका है। एक रिपोर्ट के अनुसार केवल इस वीकेंड के दौरान अहमदाबाद हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को ₹200 करोड़ से अधिक का राजस्व मिलने की उम्मीद है।
लक्जरी होटलों की स्थिति
नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पास और एसजी हाईवे पर कुछ प्रीमियम सुइट्स और फाइव-स्टार होटलों के दाम ₹40,000 से लेकर ₹1 लाख प्रति रात के स्तर को पार कर गए हैं। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अनुसार, स्टेडियम के 15-20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले होटल 30 और 31 मई के लिए 95% से ज्यादा बुक हो चुके हैं। आईटीसी नर्मदा जैसे होटल में एक रात का किराया 35 हजार रुपये तक पहुंच चुका है। 6300 रुपये जीएसटी लगने के बाद यहां रुकने वाले लोगों को एक कमरे के लिए 41300 रुपये चुकाने होंगे। हालांकि, अहमदाबाद के ही अन्य इलाकों में 4 हजार रुपये में भी कमरे मिल रहे हैं, लेकिन यहां रुकने वाले लोगों को मैच के समय ट्रैफिक में फंसने का डर रहेगा।
कई गुना बढ़ा फ्लाइट का किराया
बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख महानगरों से अहमदाबाद के लिए वन-वे हवाई किराया आम दिनों के मुकाबले 5 गुना तक महंगा हो चुका है। बेंगलुरु से अहमदाबाद का किराया सामान्य तौर पर ₹3,500 से ₹5,000 के बीच होता है, लेकिन अब यह ₹14,000 से ₹15,000 तक पहुंच चुका है। दिल्ली से अहमदाबाद का किराया आमतौर पर ₹4,000 से ₹5,000 रहता है। अब यह ₹14,335 से ₹19,000 के बीच है। 31 मई को दिल्ली से अहमदाबाद फ्लाइट का न्यूनतम किराया 14335 रुपये है। यह रेंज 19 हजार तक पहुंच रही है। मुंबई से अहमदाबाद का सामान्य किराया ₹3,000 से ₹4,000 था, लेकिन 31 मई को ₹13,000 से ₹15,000 रुपये के दाम पर फ्लाइट मिल रही हैं। कनेक्टिंग फ्लाइट्स ₹20,000 से ₹38,000 तक पहुंच चुकी हैं।
चंद मिनट में बिक गए थे टिकट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 1,30,000 है, लेकिन मैच के टिकट चंद मिनटों में बिक गए थे। इसके बाद से सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आरोप लगाए कि टिकटों की कालाबाजारी हो रही है। उन्हें 3 से 5 गुना ज्यादा कीमत पर बेचा जा रहा है।
रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेनें
पश्चिम रेलवे ने मुंबई और अहमदाबाद के बीच विशेष किराए पर दो अतिरिक्त ट्रेनें चलाई हैं, ताकि फैंस को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा फैंस मुंबई, उदयपुर, राजकोट और सूरत जैसे नजदीकी शहरों से निजी कारों और लग्जरी बसों के जरिए अहमदाबाद पहुंच रहे हैं, जिससे हाईवे पर भी ट्रैफिक भी बढ़ गया है। वहीं, होटल न मिलने पर लोग मोटेरा और चांदखेड़ा इलाकों में होमस्टे और गेस्ट हाउस के विकल्प भी तलाश रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ी गई हाईप्रोफाइल महिलाएं, सूरत के अपार्टमेंट में पुलिस की रेड; 7 गिरफ्तार