1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. जूनागढ़ जिला अदालत और राजकोट कलेक्ट्रट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में झूठ निकली मेल की बात

जूनागढ़ जिला अदालत और राजकोट कलेक्ट्रट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में झूठ निकली मेल की बात

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 02, 2026 11:58 pm IST,  Updated : Feb 03, 2026 07:18 am IST

इससे पहले भी बम होने की कई झूठी धमकियां मिली थीं। पुलिस ने जांच की तो परिसर में कुछ भी नहीं मिला। एक दिन पहले यूपी में प्लेन में बम होने की धमकी के चलते उसे खाली कराया गया था।

Bomb threat- India TV Hindi
बम की धमकी Image Source : INDIA TV

गुजरात के जूनागढ़ जिला अदालत और राजकोट कलेक्ट्रट को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। हालांकि, पुलिस द्वारा परिसरों की तलाशी में धमकी झूठी साबित हुई। जूनागढ़ शहर के पुलिस उपाधीक्षक हितेश दांढलिया ने बताया कि जिला अदालत के रजिस्ट्रार को एक ईमेल मिला जिसमें कहा गया था कि इमारत में तीन बम लगाए गए हैं जिनमें अपराह्न 2:10 बजे धमाके होंगे। 

दांढलिया ने कहा, ''अदालत के रजिस्ट्रार द्वारा सूचित किए जाने के बाद, पुलिसकर्मी, श्वान दस्ता और बम रोधी दस्ते के सदस्य मौके पर पहुंचे और परिसर की तलाशी ली। हालांकि, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।'' पुलिस ने बताया कि ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। पुलिस ने बताया कि राजकोट में कलेक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, लेकिन पुलिस द्वारा परिसर की तलाशी के बाद यह धमकी झूठी साबित हुई।

यूपी में प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग

इंडिगो एयरलाइंस के विमान में बम होने की सूचना पर उसे रविवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। पुलिस के अनुसार विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बम निरोधक दस्ता, दमकल गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों एवं विमान की गहन तलाशी ली गई। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हैदराबाद से वाराणसी आ रहे इंडिगो एयरलाइंस के विमान में मिले एक कागज के टुकड़े पर लिखा था कि विमान में बम रखा है और किसी भी वक्त फट सकता है। उन्होंने बताया कि इस पर चालक दल के सदस्यों ने वायु यातायात नियंत्रण कक्ष को सूचित किया, जिसके बाद वाराणसी के बाबतपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षा कारणों से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। 

तलाश में नहीं मिला कोई बम

अधिकारियों ने बताया कि विमान को पूर्वी छोर पर रोक कर रखा गया और यात्रियों को नीचे उतारा गया। सूत्रों ने बताया कि विमान में बम की सूचना पर बम निरोधक दस्ता, दमकल विभाग के कर्मचारी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल तथा पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही शुरू की। सूत्रों ने बताया कि विमान की सघन तलाशी ली गई, साथ ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों की भी तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि हालांकि इस दौरान कोई भी विस्फोटक या अन्य कोई हानिकारक सामग्री नहीं मिली। अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। 

यह भी पढ़ें-

गुजरात: 27 साल का युवक निकाल रहा जानवरों जैसी आवाजें, हॉस्पिटल में कराया गया एडमिट, बचने की उम्मीद बहुत कम, जानें वजह

गुजरात: अहमदाबाद में चोरों ने घर से उड़ाए लाखों रुपए और करोड़ों की सोने की ज्वैलरी, पुलिस ने दबोचा, माल बरामद

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।