भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित गुजरात में विसावदर विधानसभा सीट पर 19 जून को उपचुनाव के लिए वोटिंग है। ऐसे में विसावदर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी (AAP) पहले ही इस सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर चुकी है, लेकिन ‘इंडिया’ गठबंधन में आप की सहयोगी कांग्रेस ने कहा है कि वह उपचुनाव अकेले लड़ेगी।
19 जून को वोटिंग और 23 जून को रिजल्ट
निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार को जूनागढ़ और मेहसाणा जिलों में क्रमशः विसावदर और कड़ी विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनावों की तारीख घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस और भाजपा ने जीत हासिल करने का भरोसा जताया है। चुनाव आयोग की ओर से कहा गया कि उपचुनाव 19 जून को होंगे और वोटों की गिनती 23 जून को होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 2 जून है, जबकि नामंकन पत्रों की जांच 3 जून को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 5 जून है।
AAP से गोपाल इटालिया उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी ने विसावदर सीट से गोपाल इटालिया को उम्मीदवार घोषित किया है। मेहसाणा में पत्रकारों से बात करते हुए गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा सरकार के प्रवक्ता ऋषिकेश पटेल ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि गुजरात की जनता कांग्रेस या किसी भी अन्य पार्टी को नकार देगी। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों सीट पर हजारों वोटों की बढ़त के साथ जीत हासिल करेंगे।’
कांग्रेस का पैनल करेगा उम्मदीवार के नाम का चयन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि उनकी पार्टी ने उपचुनावों की तैयारी काफी पहले ही शुरू कर दी थी। कांग्रेस ने दोनों सीट के लिए उम्मीदवारों का चयन करने के लिए पर्यवेक्षकों के एक पैनल की घोषणा की है।
ऐसी खाली हुईं ये दो सीटें
जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट दिसंबर 2023 से खाली है, जब तत्कालीन आप विधायक भूपेंद्र भयानी इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए थे, जबकि मेहसाणा की कड़ी सीट (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित) भाजपा विधायक करसन सोलंकी के निधन के बाद चार फरवरी से रिक्त है। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 161, कांग्रेस के 12, समाजवादी पार्टी का एक, आप के चार और दो निर्दलीय विधायक हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)