1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में कांग्रेस के एक और विधायक ने छोड़ी पार्टी, अब तक 8 दे चुके हैं त्यागपत्र

गुजरात में कांग्रेस के एक और विधायक ने छोड़ी पार्टी, अब तक 8 दे चुके हैं त्यागपत्र

 Reported By: Nirnay Kapoor @nirnaykapoor
 Published : Jun 05, 2020 12:14 pm IST,  Updated : Jun 05, 2020 12:21 pm IST

राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को गुजरात में एक और झटका लगा है। राज्य में कांग्रेस के दिग्गज नेता माने जाने वाले मोरबी से विधायक ब्रिजेश मेरजा ने पार्टी छोड़ दी है।

कांग्रेस के दिग्गज नेता माने जाने वाले मोरबी से विधायक ब्रिजेश मेरजा ने पार्टी छोड़ दी है। - India TV Hindi
कांग्रेस के दिग्गज नेता माने जाने वाले मोरबी से विधायक ब्रिजेश मेरजा ने पार्टी छोड़ दी है।  Image Source : TWITTER

गांधीनगर: राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को गुजरात में एक और झटका लगा है। राज्य में कांग्रेस के दिग्गज नेता माने जाने वाले मोरबी से विधायक ब्रिजेश मेरजा ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। इसके साथ ही राज्यसभा चुनावों की घोषणा होने के बाद अंदरूनी खींचतान के चलते प्रदेश में अब तक 8 कांग्रेस विधायक इस्तीफा दे चुके हैं।

इससे पहले गुरुवार को भी कांग्रेस के दो विधायकों ने पार्टी छोड़ी थी। इंडिया टीवी को मिली जानकारी के मुताबिक, कर्जन से पार्टी के विधायक अक्षय पटेल और कपराडा से विधायक जीतू चौधरी ने गुरुवार को पार्टी छोड़ी थी। इससे पहले मार्च में भी कांग्रेस के 5 विधायकों ने त्यागपत्र दिया था और अब दो दिन में 3 विधायकों के पार्टी छोड़ने से गुजरात विधानसभा में कांग्रेस का संख्याबल घटकर 65 रह गया है।

राज्यसभा चुनावों से ठीक पहले पार्टी के लिए यह बड़े झटके माने जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने हाल ही में 7 राज्यों की 18 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। इन 18 सीटों में 4 राज्यसभा सीटें गुजरात की भी हैं। चुनाव की तारीख 19 जून घोषित की गई है।

आपको बता दें कि इन 18 राज्यसभा सीटों में आंध्र प्रदेश के 4 सीटें, गुजरात की 4 सीटें, मध्य प्रदेश की 3 सीटें, झारखंड की 2 सीटे, मणिपुर की एक सीट, मेघालय की एक सीट और राजस्थान की 3 सीटें शामिल हैं। अब गुजरात में कांग्रेस के दो विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

गुजरात विधानसभा में मौजूदा संख्याबल को देखते हुए कांग्रेस पार्टी अब 4 राज्यसभा सीटों में से 1 सीट पर तो आसानी से जीत हासिल कर लेगी लेकिन 2 विधायकों के त्यागपत्र से दूसरी सीट पर अब उसके लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं।

भाजपा के लिए 2 सीटों पर जीत तय मानी जा रही है लेकिन पार्टी ने नरहरि अमीन के तौर पर तीसरा प्रत्याशी भी मैदान में उतारा है। ऐसे में अब दोनों पार्टियों के बीच एक सीट पर खींचातानी होने की उम्मीद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।