1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में कोरोना वायरस से संक्रमण के 17 नए मामले, 42 मरीज हुए ठीक

गुजरात में कोरोना वायरस से संक्रमण के 17 नए मामले, 42 मरीज हुए ठीक

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 03, 2021 09:52 pm IST,  Updated : Aug 03, 2021 09:52 pm IST

गुजरात में मंगलवार को बीते 24 घटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही सूबे में इस घातक वायरस से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 8,24,939 पर पहुंच गई।

Gujarat COVID-19, Coronavirus Gujarat, Gujarat Coronavirus, Coronavirus Updates Gujarat- India TV Hindi
गुजरात में मंगलवार को बीते 24 घटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए हैं। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

अहमदाबाद: गुजरात में मंगलवार को बीते 24 घटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही सूबे में इस घातक वायरस से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 8,24,939 पर पहुंच गई। संक्रमण के सबसे ज्यादा नए मामले अहमदाबाद से सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में लगातार 16वें दिन संक्रमण की वजह से किसी भी मरीज ने दम नहीं तोड़ा है और मृतकों का आंकड़ा 10,076 पर स्थिर है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को 42 और मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई है।

राज्य में इस समय कोरोना के 226 ऐक्टिव केस

अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए मरीजों की संख्या को मिलाकर अब तक संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या 8,14,637 हो गई है। उन्होंने बताया कि इस समय सूबे में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 226 रह गई है। अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद जिले में कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 5 नए मरीज मिले हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद सूरत व वडोदरा में संक्रमण के 3-3 मामले सामने आए हैं जबकि आणंद, जामनगर, जूनागढ़, मेहसाणा, नवसारी एवं पाटन में एक-एक संक्रमित मिला है।

केंद्र शासित प्रदेश में कुल मिलाकर 14 ऐक्टिव केस
केंद्र शासित प्रदेश दादर और नगर हवेली, दमन एवं दीव में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमण का सिर्फ एक नया मामला सामने आया है। इस बारे में जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में अब वायरस से संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 10,623 हो गए हैं जिनमें से 10,605 मरीज संक्रमण से उबर चुके हैं और 14 मरीजों का उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 4 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। इस बीच गुजरात में मंगलवार को 3,43,187 लोगों को कोविड रोधी टीका लगाया गया है जिसे मिलाकर राज्य में अबतक टीकों की 3,44,19,588 खुराकें दी जा चुकी हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।