1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. विवाहित महिला से अफेयर रखने पर दलित युवक को निर्वस्त्र कर घुमाया, वीडियो सामने आने के बाद हुई FIR

विवाहित महिला से अफेयर रखने पर दलित युवक को निर्वस्त्र कर घुमाया, वीडियो सामने आने के बाद हुई FIR

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 13, 2025 08:50 pm IST,  Updated : Mar 13, 2025 08:50 pm IST

आरोपियों ने पीड़ित युवक के कपड़े उतारकर गांव में घुमाया फिर इसी हालत में उससे माफीनामा लिखवाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Sabarkantha- India TV Hindi
साबरकांठा में युवक को निर्वस्त्र कर घुमाया Image Source : INDIA TV

गुजरात के साबरकांठा जिले में विवाहित महिला से प्रेम संबंध रखने के आरोप में एक दलित व्यक्ति की पिटाई की गई। महिला के पति और रिश्तेदारों ने व्यक्ति को कथित तौर पर निर्वस्त्र घुमाया। एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। ग्यारह मार्च की रात को इदर कस्बे के पास एक गांव में घटी इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लगभग 20 वर्षीय युवक को निर्वस्त्र अवस्था में घुमाते हुए देखा जा सकता है, जबकि भीड़ उस पर हमला करती और परेशान करती दिख रही है। 

साबरकांठा के पुलिस अधीक्षक विजय पटेल ने कहा, ‘‘वायरल वीडियो के आधार पर महिला के पति और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शादीशुदा महिला के साथ संबंध रखने वाले इस व्यक्ति को हिम्मतनगर से करीब 20 किलोमीटर दूर इदर कस्बे में उसके घर से अगवा कर लिया गया, उसकी पिटाई की गई और निर्वस्त्र घुमाया गया। पीड़ित को माफीनामा लिखने के बाद ही छोड़ा गया।’’ 

जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करेंगे

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘बुधवार को वीडियो वायरल होने के बाद हमने पीड़ित से संपर्क किया। आज (गुरुवार) मामला दर्ज किया गया। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता के तहत अपहरण, हमला और अन्य अपराधों के अलावा एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।’’ पुलिस अधिकारी ने यह भी साफ किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पीड़ित का इलाज जारी

पीड़ित युवक का फिलहाल हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने अस्पताल जाकर पीड़ित का बयान दर्ज किया है। इसी बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

(साबरकांठा से महेन्द्र प्रसाद की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।