Earthquake in Gujarat: गुजरात का अमरेली जिला रविवार को भूकंप के झटकों से हिल गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.1 दर्ज की गई। हालांकि, इससे किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है।
जानिए कहां रहा भूकंप का केंद्र?
गांधीनगर स्थित भूकंपीय अनुसंधान संस्थान के अनुसार, भूकंप का यह झटका शाम 4.10 बजे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि भूकंप का केंद्र सौराष्ट्र क्षेत्र में अमरेली से लगभग 42 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में सतह से 11.6 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
राजकोट में भी लगे भूकंप के झटके
अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से न तो कोई घायल हुआ और न ही संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट जिले में भी इसी तरह का 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था।
पिछले कई दिनों से आ रहे भूकंप के झटके
सावरकुंडला विधानसभा के सदस्य महेश कसवाला ने कहा, 'पिछले कुछ दिनों में अमरेली में कई हल्के झटके महसूस किए गए हैं। मित्याला गांव के सरपंच ने पुष्टि की है कि रविवार का झटका काफी तेज महसूस किया गया था।'
भेजी जाएगी एक्सपर्ट टीम
कसवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उन्हें आश्वासन दिया है कि आगे की जांच के लिए अमरेली में एक तकनीकी टीम भेजी जाएगी।
नेपाल में आया 4.5 तीव्रता का भूंकप
वहीं, दूसरी ओर नेपाल के सिंधुपालचौक जिले में शनिवार रात को 4.5 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप से किसी प्रकार की क्षति या जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। स्थानीय समयानुसार रात करीब 11.35 बजे आए भूकंप का केंद्र सिंधुपालचौक के नुलथला खारका क्षेत्र के पास स्थित था, जो काठमांडू से लगभग 80 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है। भूकंप के झटके काठमांडू सहित पड़ोसी जिलों में भी महसूस किए गए।