गुजरात के आणंद जिले में बुधवार शाम को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (ISR) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.4 मापी गई है। भूकंप के कारण किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
गांधीनगर स्थित संस्थान के अनुसार, भूकंप के यह झटके शाम 4.35 बजे महसूस किए गए और इसका केंद्र आणंद से 36 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपूर्व में स्थित था। मामलातदार (आपदा) जयकिशन साधू ने कहा, "सभी तालुका विकास अधिकारियों, मामलातदारों और मुख्य अधिकारियों को भूकंप के बारे में सूचित कर दिया गया है और उन्हें किसी भी प्रकार की क्षति की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है। अभी तक संपत्ति को कोई नुकसान या किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।"
मणिपुर में भूकंप के झटके
इससे पहले, मणिपुर राज्य में मंगलवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई थी। भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, भूकंप सुबह 5:59 बजे आया। इसका केंद्र मणिपुर का कामजोंग जिला था। सुबह-सुबह आए इन झटकों के कारण लोग गहरी नींद से जाग गए और सुरक्षा के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए।
जापान में 7.4 तीव्रता का भूकंप
जापान के तटीय क्षेत्र में सोमवार को 7.4 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप के तुरंत बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने सुनामी का अलर्ट जारी करते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तत्काल सुरक्षित और ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने की अपील की। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सोमवार शाम 4 बजकर 53 मिनट पर आया था। इसका केंद्र उत्तरी जापान के सनरिकु तट के पास समुद्र की सतह से लगभग 10 किलोमीटर नीचे था।
ये भी पढ़ें-
पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले के ठीक एक साल बाद कैसे हैं हालात, देखें तस्वीरें