गुजरात: कौन कहता है कि शेरों की भीड़ नहीं होती? गिर के जंगलों से आए एक बेहद खूबसूरत वीडियो ने इस कहावत को हकीकत में बदल दिया है। दरअसल, गिर पंथक में एक साथ आठ शेरों का एक झुंड देखा गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में 8 शेर एक के पीछे एक लाइन में होकर चलते हुए नजर आ रहे हैं।
पिछले कुछ समय में शेरों पर मंडराते वायरस के प्रकोप के बाद वन्यजीव विभाग और प्रकृति प्रेमियों की चिंताएं काफी बढ़ गई थीं। लेकिन इस नए वीडियो ने इन आशंकाओं पर विराम लगा दिया है। वीडियो में दिख रहे सभी 8 शेर बेहद तंदुरुस्त, फुर्तीले नजर आ रहे हैं। बता दें कि आमतौर पर शेरों को अकेले या दो-तीन के समूह में देखा जाता है, लेकिन एक साथ 8 शेरों को इतने नजदीक से एक साथ चलते देखना, ऐसे मौके बहुत कम नजर आते हैं।
शेरों के आठ शावकों की मौत
बता दें कि हाल ही में गिर सोमनाथ और अमरेली जिलों में एशियाई शेरों के आठ शावकों की मौत हो गई थी। इसे लेकर गुजरात के वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया बताया कि उनकी मौत किसी खतरनाक 'बाबेसिया' संक्रमण या वायरस के कारण नहीं, बल्कि भीषण गर्मी और कमजोरी की वजह से हुई थी।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी थी कि एहतियात के तौर पर आइसोलेशन में रखे गए 17 बीमार शेरों में से 12 पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं और उन्हें वापस जंगल में छोड़ दिया गया है। इससे पहले 29 मई को वन मंत्री ने संदिग्ध 'बाबेसिया' संक्रमण के कारण 8 शावकों की मौत की बात कही थी, जिससे हड़कंप मच गया था।
वन मंत्री मोढवाडिया ने एक वीडियो बयान जारी कर बताया, "भीषण गर्मी और उससे होने वाली अत्यधिक कमजोरी के कारण शेरों के आठ शावकों की मौत हुई। जिन शावकों की इम्युनिटी कम थी, वे इस मौसम को झेल नहीं पाए। बाबेसिया परजीवी इसका मुख्य कारण नहीं था।" उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में किसी भी शेर की मौत किसी जानलेवा बीमारी से नहीं हुई है। एक शेरनी की मौत गर्भावस्था संबंधी जटिलताओं के कारण हुई थी और पहले मृत पाए गए शेरों में भी कोई खतरनाक विषाणु नहीं मिला है।
(रिपोर्ट- मितेश परमार)
ये भी पढ़ें-
TMC नेता जहांगीर खान उर्फ 'पुष्पा' को 5 दिनों की पुलिस कस्टडी, नेपाल बॉर्डर से हुए थे गिरफ्तार
"हर रिश्ता शादी तक नहीं पहुंचता...", प्रेम संबंध और चरित्र को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?