1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अहमदाबाद में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के मामले में 5 गिरफ्तार

अहमदाबाद में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के मामले में 5 गिरफ्तार

 Published : Jul 03, 2024 11:02 pm IST,  Updated : Jul 03, 2024 11:03 pm IST

अहमदाबाद पुलिस ने किसी भी हिंसा को टालने के लिए अपने कर्मियों को तैनात कर दिया। झड़प के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लिया और स्थिति को काबू में किया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

अहमदाबादः लोकसभा में राहुल गांधी के ‘हिंदू-विरोधी’ बयान के खिलाफ मंगलवार को यहां कांग्रेस के गुजरात प्रदेश मुख्यालय के बाहर एक प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पथराव होने के एक दिन बाद बुधवार को पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया । पुलिस उपायुक्त शिवम वर्मा ने बताया कि झड़प के संबंध में एलिसब्रिज थाने में दो प्राथमिकियां दर्ज की गईं और बुधवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।

अहमदाबाद के पालदी इलाके में आश्रम रोड के पास कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय ‘राजीव गांधी भवन’ के बाहर दोनों पक्षों की ओर से हुए पथराव में एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वर्मा ने बताया कि एक प्राथमिकी कांग्रेस और भाजपा दोनों के लगभग 450 कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की गई है, जबकि एक अन्य प्राथमिकी भाजपा की अहमदाबाद इकाई की युवा शाखा की शिकायत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की गई है। दोनों प्राथमिकियां अवैध रूप से एकत्र होने, दंगा फैलाने, दूसरों की जान एवं सुरक्षा खतरे में डालने, ड्यूटी पर तैनात जनसेवक को चोट पहुंचाने समेत विभिन्न अपराधों को लेकर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गयी हैं।

पुलिस उपायुक्त (जोन 1-अहमदाबाद) वर्मा ने कहा, ‘‘कल की घटना में एक सहायक पुलिस आयुक्त समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गये। हमने दो प्राथमिकियां दर्ज की हैं - एक पुलिसकर्मी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर और दूसरी भाजपा की शहर इकाई की युवा शाखा की शिकायत के आधार। हमने पहले ही पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है जिनका किसी भी पार्टी से संबंध हो सकता है। सीसीटीवी वीडियो से पता चला है कि वे हिंसा में शामिल थे।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि पुलिस ने गिरफ्तार करते समय इसपर विचार नहीं किया कि अमुक व्यक्ति किस पार्टी से है। पहली प्राथमिकी घायल पुलिस कांस्टेबल कर्मराज भागवत सिंह की शिकायत के आधार पर दर्ज की गयी है जिसमें भाजपा शासित अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) में कांग्रेस के विपक्ष के नेता शहजाद खान पठान और दो महिला नेताओं - प्रगति अहीर और हेताबेन पारिख - के नाम हैं। पुलिस ने इस प्राथमिकी में उनके साथ कांग्रेस के करीब 250 और भाजपा के करीब 200 कार्यकर्ताओं की भीड़ को शामिल किया है।

इस प्राथमिकी के अनुसार कांग्रेस नेताओं द्वारा उकसाये जाने पर पहले कांग्रेस कार्यकर्ता ही भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर बढ़े। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तब भीड़ दूसरे पक्ष की तरफ पत्थर और डंडे फेंकने लगी। प्राथमिकी के मुताबिक , फिर भाजपा कार्यकर्ता भी पथराव करने लगे। इसी बीच, सिर में पत्थर लगने से पुलिस कांस्टेबल कर्मराज भागवत सिंह घायल हो गये और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस झड़प में उनके अलावा दो अन्य कांस्टेबल, एक होमगार्ड और एसीपी भी चोटिल हो गये।

इनपुट- भाषा 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।