1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. AI 171 की जगह अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के AI 159 विमान को रद्द किया गया, आधिकारिक बयान में बताई गई वजह

AI 171 की जगह अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के AI 159 विमान को रद्द किया गया, आधिकारिक बयान में बताई गई वजह

 Reported By: Nirnay Kapoor, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 17, 2025 12:58 pm IST,  Updated : Jun 17, 2025 03:57 pm IST

अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 159 को रद्द कर दिया गया है। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

अहमदाबादः गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को मंगलवार को कैंसिल कर दिया गया। AI 171 की जगह अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के AI 159 विमान को अनुपलब्धता के कारण रद्द किया गया है। पहले इसमें तकनीकी खराबी की बात सामने आई थी, हालांकि ये बात बाद में गलत निकली। एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान में विमान रद्द करने की असली वजह बताई।

सामने आया एयर इंडिया का आधिकारिक बयान

इस मामले में एयर इंडिया का आधिकारिक बयान भी सामने आया है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, "अहमदाबाद से गैटविक जाने वाली फ्लाइट AI159 को आज विमान की अनुपलब्धता के कारण रद्द कर दिया गया है, जिसके परिणामस्वरूप हवाई क्षेत्र प्रतिबंध और अतिरिक्त एहतियाती जांच की गई, जिसके कारण विमान को सामान्य से अधिक समय तक वापस लौटना पड़ा, न कि किसी तकनीकी खराबी के कारण, जैसा कि दावा किया गया था। हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हमने उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। हम होटल में ठहरने की व्यवस्था कर रहे हैं और यात्रियों द्वारा विकल्प चुनने पर रद्दीकरण या दोबारा निर्धारण पर पूर्ण धनवापसी की पेशकश भी कर रहे हैं। परिणामस्वरूप, 17 जून को लंदन गैटविक से अमृतसर जाने वाली फ्लाइट AI170 रद्द कर दी गई है। "

एयर इंडिया प्रवक्ता ने बताया, '17 जून को दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट AI143 रद्द कर दी गई है। अनिवार्य उड़ान-पूर्व जांच में एक समस्या सामने आई है, जिसका समाधान किया जा रहा है। हालांकि, पेरिस चार्ल्स डी गॉल (CDG) हवाई अड्डे पर रात्रि संचालन पर प्रतिबंध के तहत आने वाली फ्लाइट के मद्देनजर, उक्त फ्लाइट को रद्द कर दिया गया है। हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हम उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं। हम होटल में ठहरने की व्यवस्था कर रहे हैं और यात्रियों द्वारा विकल्प चुनने पर रद्दीकरण या दोबारा निर्धारण पर पूर्ण धनवापसी की पेशकश भी कर रहे हैं। परिणामस्वरूप, 18 जून, 2025 को पेरिस से दिल्ली जाने वाली उड़ान AI142 भी रद्द कर दी गई है।'

हांगकांग- दिल्ली फ्लाइट में तकनीकी समस्या

इससे पहले सोमवार को हांगकांग से दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को वापस उसके मूल हवाई अड्डे पर लाया गया, क्योंकि पायलट को तकनीकी समस्या का संदेह था। फ्लाइट हांगकांग में सुरक्षित उतर गई है, सभी यात्री उतर चुके हैं और विमान की जांच की जा रही है। फ्लाइट हांगकांग से दोपहर 12.16 बजे (स्थानीय समयानुसार) रवाना हुई और इसे दोपहर 12.20 बजे भारतीय समयानुसार दिल्ली उतरना था।  

सैन फ्रांसिस्को-मुंबई फ्लाइट में तकनीकी समस्या

वहीं, एयर इंडिया ने अपनी सैन फ्रांसिस्को-मुंबई उड़ान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण इसे कोलकाता में निर्धारित ठहराव पर ही समाप्त कर दिया। उड़ान को समाप्त किए जाने के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और ‘बोइंग777-200 एलआर’ के 211 यात्री, अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने में लग गए कि उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए। 

यात्रियों को हुई परेशानी

यह घटना 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की उड़ान के उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के कुछ दिनों बाद हुई है। सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया फंसे हुए यात्रियों को मुंबई ले जाने के लिए विशेष व्यवस्था कर रही है। सूत्रों के अनुसार, लैंडिंग के बाद की नियमित जांच के दौरान तकनीकी खामी का पता चला जिसके बाद विमानन कंपनी ने व्यापक जांच का निर्णय लिया।  

241 लोगों की हुई थी मौत

बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था। विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई थी। विमान जिस बिल्डिंग पर गिरा था, वहां भी कई लोग मारे गए थे। विमान क्रैश में जान गंवाने वाले लोगों में कई ऐसे लोग थे जिनका पूरा परिवार ही खत्म हो गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।