1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. Gujarat News: भूत-प्रेत के चक्कर में बाप ने बेटी को 7 दिन तक रखा भूखा-प्यासा, हुई मौत

Gujarat News: भूत-प्रेत के चक्कर में बाप ने बेटी को 7 दिन तक रखा भूखा-प्यासा, हुई मौत

 Published : Oct 14, 2022 10:47 am IST,  Updated : Oct 14, 2022 10:47 am IST

Gujarat News: गुजरात के एक गांव में एक पिता का क्रूर चेहरा सामने आया है। यहां पिता ने अपनी नाबालिग बेटी को 7 दिनों तक भूखा-प्यासा रखा, जिसके बाद लड़की की मौत हो गई। दरअसल, पिता को लग रहा था कि लड़की पर भूत-प्रेत का साया है। जिसके बाद उसने अपनी बच्ची के साथ ऐसा क्रूर व्यवहार करना शुरू कर दिया।

14 year old girl died in Gir Somnath- India TV Hindi
14 year old girl died in Gir Somnath Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE (FILE)

Highlights

  • तीन महीने पहले सूरत से गांव आई थी लड़की
  • 7 दिन तक नहीं दिया खाना
  • मामा ने पुलिस से की थी गुम होने की शिकायत

Gujarat News: गुजरात में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां एक पिता का क्रूर चेहरा सामने आया है। घटना गिर सोमनाथ जिले की है। यहां 14 वर्ष की एक लड़की को उसके पिता और चाचा ने भूखा रखा और प्रताड़ित किया क्योंकि उन्हें लग रहा था कि उस पर ‘बुरी शक्ति का साया’ है, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

एसपी ने घटना की दी जानकारी

जिला पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जडेजा ने मीडिया को बताया कि दिल दहला देने वाली यह घटना तलाला तालुक के धावा गांव में हुई। अधिकारी ने बताया कि लड़की की पहचान धैर्या अकबरी के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि उसे उसके पिता भावेश अकबरी के खेत में एक से सात अक्टूबर तक रखा गया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘‘भावेश अकबरी और उसके बड़े भाई दिलीप ने लड़की को प्रताड़ित किया क्योंकि उन्हें लगता था कि उस पर किसी बुरी शक्ति का साया है। उसे 7 दिन तक खाना नहीं दिया गया।’’ 

तीन महीने पहले सूरत से गांव आई थी लड़की

बता दें कि सूरत के रहने वाले अकबरी ने धैर्या को तीन महीने पहले धावा गांव भेजा क्योंकि उसे लगा था कि लड़की पर किसी ‘दुष्टात्मा’ का साया है जिससे उसका व्यवहार बदल गया है। पुलिस में दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि एक अक्टूबर को उसे खेत में ले जाया गया, जहां उसे प्रताड़ित किया गया, भूखा रखा गया और काला जादू का उपाय किया गया। इसमें कहा गया है कि 7 अक्टूबर को लड़की की मौत हो गयी। अकबरी और उसके भाई ने इसके बाद लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया। 

मामा ने पुलिस से की थी गुम होने की शिकायत

लड़की के मामा ने पुलिस से संपर्क कर उसके लापता होने की सूचना दी जिसके बाद इस अपराध का पता लगा। अधिकारी ने बताया कि दोनों भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।