1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात: चुनाव प्रचार के लिए BJP को कार देने पर कांग्रेस समर्थकों ने मालिक पर किया हमला

गुजरात: चुनाव प्रचार के लिए BJP को कार देने पर कांग्रेस समर्थकों ने मालिक पर किया हमला

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Nov 17, 2022 05:19 pm IST,  Updated : Nov 17, 2022 05:19 pm IST

साहेरा निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवारों का समर्थन कर रहे एक समूह ने एक वाहन में तोड़फोड़ की और उसके मालिक के साथ मारपीट की। भीड़ ईको कार के मालिक रंगितभाई पागी से नाराज थी, क्योंकि उन्होंने चुनाव प्रचार के लिए अपनी कार बीजेपी को दी थी।

panchmahal gujarat- India TV Hindi
पंचमहल में तनाव Image Source : IANS

गोधरा: गुजरात के पंचमहल जिले में उस वक्त तनाव व्याप्त हो गया, जब साहेरा निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए भाजपा को अपनी कार उधार देने पर कांग्रेस समर्थकों ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। पंचमहल पुलिस को हिंसक समूह को तितर-बितर करने के लिए उन पर गोलियां चलानी पड़ीं। पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार शाम को उस समय हुई, जब साहेरा निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवारों का समर्थन कर रहे एक समूह ने एक वाहन में तोड़फोड़ की और उसके मालिक के साथ मारपीट की।

रंगितभाई ने चुनाव प्रचार के लिए बीजेपी को दी थी अपनी कार

अपनी शिकायत में पुलिस इंस्पेक्टर आर.के. राजपूत ने कहा कि जब वह अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे, तो उन्होंने अनियाद चौक के पास भाजपा नेता महेंद्रसिंह डाभी के कार्यालय के बाहर भीड़ देखी। पूछताछ करने पर पता चला कि भीड़ ईको कार के मालिक रंगितभाई पागी से नाराज थी, क्योंकि उन्होंने चुनाव प्रचार के लिए अपनी कार बीजेपी को दी थी।

कार में तोड़फोड़ की, रंगितभाई को घसीट कर ले गए बाहर
समूह ने कार में तोड़फोड़ की और रंगितभाई को घसीट कर बाहर ले गए और उन पर हमला किया। उनमें से एक ने दूसरों को रंगितभाई को मारने के लिए उकसाया। इस पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए फायरिंग की। भीड़ के वहां से जाने से पहले उन्होंने पुलिस टीम पर पथराव किया, जिसमें शिकायतकर्ता को भी मामूली चोटें आई थीं।

हत्या के प्रयास, दंगा, गैरकानूनी सभा, आपराधिक धमकी और भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं के आरोप में 6 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।