1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में पहली बार सामने आए कोविड-19 के 2 हजार से ज्यादा नए मामले, 6 मरीजों की मौत

गुजरात में पहली बार सामने आए कोविड-19 के 2 हजार से ज्यादा नए मामले, 6 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 26, 2021 09:43 pm IST,  Updated : Mar 26, 2021 09:43 pm IST

गुजरात में कोविड-19 के रिकॉर्ड 2,190 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,96,320 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। महामारी के प्रसार के बाद से पहली बार एक दिन में कोविड-19 के 2,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं।

Gujarat records more than 2,000 new COVID-19 cases for first time- India TV Hindi
गुजरात में कोविड-19 के रिकॉर्ड 2,190 नए मामले सामने आए हैं। Image Source : PTI

अहमदाबाद: गुजरात में कोविड-19 के रिकॉर्ड 2,190 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,96,320 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। महामारी के प्रसार के बाद से पहली बार एक दिन में कोविड-19 के 2,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दिन में छह मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,479 हो गई। दिन में 1,422 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिली और स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 2,81,707 हो गई, जो कि कुल मामलों का 95.07 फीसदी है। राज्य में 10,134 मरीजों का उपचार चल रहा है, जिनमें से 83 की हालत नाजुक है। 

अधिकारियों ने बताया कि सूरत में चार, अहमदाबाद और राजकोट में एक-एक मरीजों की मौत हो गई। सूरत में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे ज्यादा 735 नए मामले सामने आए हैं। पड़ोसी दादरा-नगर हवेली, दमन और दीव में कोविड-19 के 17 नए मामले सामने आए हैं और शुक्रवार को दो मरीज संक्रमण मुक्त हुए। यहां अब तक 3,525 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 3,415 स्वस्थ हो चुके हैं। केंद्रशासित प्रदेश में 108 मरीजों का उपचार चल रहा है और दो लोगों की मौत हुई है।

इस बीच केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पांच राज्यों - महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और गुजरात में कोविड-19 के प्रतिदिन मामलों में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। मंत्रालय के अनुसार देश में एक दिन में कोविड-19 के 59,118 नए मामले सामने आये है। फरवरी के मध्य में कोविड-19 के मामले काफी कम हो गये थे लेकिन इसके बाद उपराचाराधीन मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 

उपचाराधीन मरीजों की संख्या करीब साढ़े तीन महीने बाद चार लाख के पार पहुंच गई है। देश में इस वर्ष दो फरवरी को कोविड-19 के सबसे कम 8,635 मामले दर्ज किये गये थे। गत 12 फरवरी को सबसे कम 1,35,926 उपचाराधीन मरीज थे। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 4.21 लाख हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया, ‘‘देश के कुल उपचाराधीन मरीजों में से 73.64 प्रतिशत रोगी तीन राज्यों- महाराष्ट्र, केरल और पंजाब में हैं।’’ 

कोविड-19 संक्रमण के प्रतिदिन के मामलों में, महाराष्ट्र में एक दिन में सबसे अधिक मामले सामने आये, इसके बाद पंजाब और कर्नाटक में मामले दर्ज किये गये। मंत्रालय के अनुसार, देश में सामने आये नये मामलों में से 80 प्रतिशत महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, केरल और गुजरात में दर्ज किये गये है। दस राज्यों महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, हरियाणा और राजस्थान में प्रतिदिन नये मामलों में वृद्धि दिखाई दी है। 

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।