1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सूरत: लूट के दौरान जौहरी की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी को पकड़कर लोगों ने पीटा; तीन फरार

सूरत: लूट के दौरान जौहरी की गोली मारकर हत्या, एक आरोपी को पकड़कर लोगों ने पीटा; तीन फरार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 08, 2025 11:06 am IST,  Updated : Jul 08, 2025 11:06 am IST

सूरत में आभूषण की दुकान में लूट के दौरान एक जौहरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चार बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों ने एक बदमाश को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। वहीं तीन बदमाश फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

जौहरी की गोली मारकर हत्या।- India TV Hindi
जौहरी की गोली मारकर हत्या। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

सूरत: गुजरात के सूरत शहर में एक जौहरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश आभूषण के शोरूम में लूट के इरादे से घुसे थे। इस दौरान शोरूम मालिक ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनपर गोली चला दी। इस घटना में जौहरी की मौत हो गई। वहीं घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने लगे, जिसपर स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया। बदमाशों ने पीछा कर रहे लोगों पर भी फायरिंग कर दी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने चार में से एक बदमाश को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल तीन बदमाश फरार हैं, जबकि घायल आरोपी का इलाज किया जा रहा है। 

रोकने की कोशिश की तो मारी गोली

घटना के बारे में पुलिस उपाधीक्षक नीरव गोहिल ने बताया कि पूरा मामला सोमवार रात का है। यहां सचिन इलाके में चार हथियारबंद लुटेरे रात करीब साढ़े-आठ बजे ‘श्रीनाथजी ज्वैलर्स’ के शोरूम में घुसे। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘शोरूम के मालिक आशीष राजपारा ने लुटेरों को कीमती सामान लेकर भागने से रोकने की जब कोशिश की तो बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। राजपारा को सीने में दो गोलियां लगीं और अस्पताल में भर्ती कराए जाने के कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई।’’ 

एक आरोपी को लोगों ने पकड़कर पीटा

पुलिस उपाधीक्षक नीरव गोहिल ने कहा, ‘‘जब स्थानीय लोगों ने लुटेरों का पीछा करना शुरू किया तो लुटेरों ने उन पर गोलियां चला दीं। इस दौरान नाजिम शेख नाम के एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी।’’ वहीं स्थानीय लोगों ने चार में से एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी को पीटने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल घायल आरोपी का इलाज किया जा रहा है। वहीं तीन आरोपी फरार हो गए और उन्होंने लूटा हुआ बैग शोरूम के पास फेंक दिया। स्थानीय लोगों ने ये बैग दुकान मालिक के परिवार को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।