1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. कबाड़ उतारते वक्त अचानक फटा गाड़ी का डीजल टैंक, 2 मासूम बच्चों समेत 4 की दर्दनाक मौत

कबाड़ उतारते वक्त अचानक फटा गाड़ी का डीजल टैंक, 2 मासूम बच्चों समेत 4 की दर्दनाक मौत

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 22, 2026 09:11 pm IST,  Updated : Aug 22, 2026 09:11 pm IST

गुजरात के कच्छ जिले के नखत्राणा में कबाड़ उतारते समय एक छोटे कमर्शियल वाहन के डीजल टैंक में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में दो बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मोहम्मद इलियास, नूर मोहम्मद इलियास और दो मासूम बच्चे शामिल हैं।

Kutch Diesel Tank Explosion, Nakhatrana Accident, Gujarat Scrap Yard Blast- India TV Hindi
कबाड़ उतारते समय डीजल टैंक में धमाके से 4 लोगों की मौत हो गई। Image Source : INDIA TV

Highlights

  • कच्छ के नखत्राणा में कमर्शियल वाहन के डीजल टैंक में धमाका हुआ, चार लोगों की मौत।
  • मृतकों में एक ही परिवार के दो बच्चे शामिल, धमाके के वक्त वाहन के पास मौजूद थे।
  • मोहम्मद इलियास और नूर मोहम्मद वाहन से कबाड़ उतार रहे थे, तभी जोरदार धमाका हुआ।

कच्छ: गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 2 बच्चों समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा एक कबाड़ यार्ड में उस समय हुआ, जब एक छोटे कमर्शियल वाहन के डीजल टैंक में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि वाहन के पास मौजूद 2 मासूम बच्चों की भी जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, यह घटना जिले के नखत्राणा इलाके में शनिवार दोपहर हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और धमाके की असली वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

डीजल टैंक में धमाके से हुआ हादसा

पुलिस इंस्पेक्टर एएम पटेल ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया,

'नखत्राणा में एक छोटे कमर्शियल वाहन के डीजल टैंक में धमाका होने की आशंका है। इस घटना में 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई है।'

पुलिस के मुताबिक, धमाके के समय मोहम्मद इलियास और नूर मोहम्मद इलियास वाहन से कबाड़ उतार रहे थे। इसी दौरान वाहन के फ्यूल टैंक में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी चपेट में वाहन के पास मौजूद दो बच्चे भी आ गए।

पुलिस ने की सभी मृतकों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान 30 साल के मोहम्मद इलियास, 26 साल के नूर मोहम्मद इलियास, 3.5 साल के हुसैन मोहम्मद और 3 साल की नूर फातिमा के रूप में की है। मृतकों में 2 बच्चे एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटना के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जानकारी में डीजल टैंक में धमाका होने की बात सामने आई है, लेकिन विस्फोट की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

धमाका कैसे हुआ? जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन के डीजल टैंक में किस वजह से विस्फोट हुआ और क्या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी थी। अधिकारी हादसे से जुड़े दूसरे संभावित कारणों की भी जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: वडोदरा में बस के दरवाजे में फंस गई बच्चे की गर्दन, तड़पकर हो गई मौत, CCTV आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।