Tuesday, March 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. Lok Sabha Elections 2024 : गांधीनगर सीट पर फिर खिलेगा 'कमल'? अमित शाह को टक्कर देंगी सोनल पटेल, जानें सियासी समीकरण

Lok Sabha Elections 2024 : गांधीनगर सीट पर फिर खिलेगा 'कमल'? अमित शाह को टक्कर देंगी सोनल पटेल, जानें सियासी समीकरण

Edited By: Niraj Kumar @nirajkavikumar1 Published : Mar 26, 2024 07:28 pm IST, Updated : Apr 16, 2024 03:20 pm IST

Hot seats in Lok Sabha Elections 2024: गांधीनगर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ताल ठोंक रहे हैं जबकि कांग्रेस ने सोनल पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है।

lok sabha elections 2024, Gandhi Nagar- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV गांधीनगर लोकसभा सीट

Lok Sabha Elections 2024 : गांधीनगर लोकसभा सीट देश की वीआईपी सीटों में एक मानी जाती है वहीं यह गुजरात की सबसे हाई प्रोफाइल सीट मानी जाती है। इस सीट को भारतीय जनता पार्टी का गढ़ माना जाता है। पिछले तीन दशक से भारतीय जनता पार्टी इस सीट से लगातार जीत दर्ज कर रही है। एक बार फिर इस सीट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार सोनल पटेल से है। सोनल पटेल कांग्रेस नेतृत्व की भरोसेमंद नेता और मौजूदा समय में महाराष्ट्र सह-प्रभारी हैं। इस सीट पर सात मई को तीसरे चरण में वोट डाले जाएंगे।

आजादी के बाद बसाया गया

गांधीनगर के इतिहास की बात करें तो देश की आजादी के बाद इस शहर को साबरमती के तट पर बसाया गया। यह अहमदाबाद शहर से करीब 35 किमी की दूरी पर साबरमती नदी दाएं तट पर स्थित है। चंडीगढ़ के बाद इसे भारत का दूसरा सबसे प्लानड शहर माना जाता है। यह शहर करीब 649 वर्ग किमी में फैला है।

बीजेपी का गढ़ है गांधीनगर

 पिछले तीन दशक से ज्यादा समय से गांधीनगर सीट पर बीजेपी का परचम लहरा है। 1989 से लेकर 2019 के लोकसभा चुनाव तक बीजेपी को इस सीट पर हार का सामना नहीं करना पड़ा। पहली बार 1989 में इस सीट पर बीजेपी के टिकट पर शंकर सिंह वाघेला ने चुनाव जीता था। 1996 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इस सीट से जीत दर्ज की थी। फिर 1998 में लालकृष्ण आडवाणी ने इस सीट से चुनाव जीता। 1999, 2004, 2009, 2014 में भी लालकृष्ण आडवाणी ने इस सीट से जीत दर्ज की।

79 फीसदी शहरी आबादी

गांधीनगर लोकसभा सीट पर ज्यादातर शहरी वोटर हैं। यहां 79 फीसदी लोग शहरों में रहते हैं जबकि बाकी की 21 फीसदी आबादी गांवों में बसती है। 2011 की जनगणना के मुताबिक गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र की आबादी 19,33,986 है।  अनुसूचित जाति की आबादी 11.41 प्रतिशत और अनुसूचित जनजााति की आबादी 1.96 प्रतिशत है। वहीं मुस्लिम आबादी 4 प्रतिशत से ज्यादा है।

सातों विधानसभा सीटों  पर बीजेपी का कब्जा

गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल सात विधानसभा क्षेत्र आते हैं। ये हैं गांधीनगर उत्तर, घाटलोडिया, साबरमती, कलोल, वेजलपुर, साणंद और नारणपुरा विधानसभा सीट। इन सातों विधानसभा सीटों पर बीजेपी काबिज है। 

2019 का लोकसभा चुनाव

2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने लालकृष्ण आडवाणी की जगह अमित शाह को उम्मीदवार बनाया। अमित शाह ने इस सीट वर बंपर जीत हासिल की। उन्हें कुल 8,94,624 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के डॉ.सीजे चावड़ा को 337610 वोट मिले। अमित शाह ने इस सीट पर साढ़े पांच लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी।

2014 का लोकसभा चुनाव

2014 के लोकसभा चुनाव में लालकृष्ण आडवाणी ने गांधीनगर सीट पर जीत हासिल की थी। आडवाणी को कुल 7,73, 539 वोट मिले थे। आडवाणी ने साढ़े चार लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार ईश्वरभाई पटेल को 2,90,418 वोट मिले थे। 2014 के चुनाव में गांधीनगर लोकसभा सीट पर 65.5 फीसदी वोटिंग हुई थी।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement