Tuesday, February 24, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में हुआ बड़ा हादसा, वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला पुल टूटा, नदी में गिरी कई गाड़ियां, 15 लोगों की मौत

गुजरात में हुआ बड़ा हादसा, वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला पुल टूटा, नदी में गिरी कई गाड़ियां, 15 लोगों की मौत

Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61 Published : Jul 09, 2025 09:51 am IST, Updated : Jul 10, 2025 12:59 pm IST

गुजरात में एक बड़ा हादसा देखने को मिला है दरअसल यहां वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाला पुल टूट गया है। इस कारण पुल पर कई गाड़ियां महिसागर नदी में गिर गईं। एक टैंकर तो अभी भी पुल पर ही लटका हुआ है।

major accident happened in Gujarat the bridge connecting Vadodara-Anand broke down many vehicles fel- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV गुजरात में ढह गया पुल

गुजरात में एक बड़ा हादसा देखने को मिला है। यहां वडोदरा के पादरा और आणंद जिलों को जोड़ने वाला महिसागर नदी पर बना 45 साल पुराना पुल आज सुबह ढह गया। इस कारण वहां हड़कंप मच गया। इस घटना में पुल के ऊपर से गुजर रहे दो ट्रक, एक बोलेरो और एक जीप समेत चार वाहन माही नदी में गिर गए। पुल के टूटने की वजह से एक टैंकर अब भी पुल पर लटका हुआ है। इस घटना में अबतक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोग इस हादसे में घायल हुए हैं। बता दें कि जब यह हादसा हुआ तो मुजपुर समेत आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसके साथ ही पादरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई शुरू की।

घटनास्थल पर पहुंची प्रशासन की टीम

बता दें कि इस पुल को पादरा-गंभीरा पुल के नाम से भी जाना जाता है। इस पुल के ढहने की जानकारी जैसे ही मुजपुर गांव के लोगों को मिली, तो लोग राहत बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद माही नदी में गिरे वाहनों से तीन लोगों को रेस्क्यू किया गया। हालांकि, इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। घटना के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस को इसकी सूचना दी गई। 

लापरवाही का आरोप

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इस हादसे कि लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका दावा है कि दशकों पुराने पुल की मरम्मत के लिए बार-बार अनुरोध किया गया, लेकिन प्रशासन ने उसे नजरअंदाज कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चेतावनियों के बावजूद, अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण पुल ढह गया और कई लोग हताहत हुए। उन्होंने बताया कि वडोदरा और आणंद के बीच एक प्रमुख मार्ग गंभीर पुल पिछले कुछ वर्षों में काफी जर्जर हो चुका था और अब भारी यातायात के लिए यह पुल उपयुक्त नहीं था। 

प्रधानमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान

इस घटना पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'गुजरात के वडोदरा जिले में एक पुल के ढहने से हुई जनहानि बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।' 

सीएम भूपेंद्र पटेल ने व्यक्त की संवेदना

सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा, "आनंद और वडोदरा को जोड़ने वाले गंभीरा पुल के 23 स्पैन में से एक के ढहने से हुई त्रासदी दुखद है। मैं इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं। मैंने वडोदरा कलेक्टर से बात की है और घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने और प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय नगरपालिका और वडोदरा नगर निगम की दमकल टीम नावों और तैराकों के साथ दुर्घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य में लगी हुई है, जबकि एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुँचकर बचाव अभियान में शामिल हो गई है। सड़क निर्माण विभाग को इस दुर्घटना की तत्काल जाँच करने के आदेश दिए गए हैं।"

(रिपोर्ट- सत्यम)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement