1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. Video: 3 हमलावरों पर भारी पड़ा अकेला डॉगी, रस्सी खुलते ही टूट पड़ा, देखें कैसे बचाई मालिक की जान

Video: 3 हमलावरों पर भारी पड़ा अकेला डॉगी, रस्सी खुलते ही टूट पड़ा, देखें कैसे बचाई मालिक की जान

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 18, 2025 01:10 pm IST,  Updated : Apr 18, 2025 01:10 pm IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन लोग फॉर्म हाउस पर किसान को अकेला पाकर उस पर हमला कर देते हैं। किसान भागते हुए किसी तरह कुत्ते तक पहुंचता है। इसके बाग रस्सी खुलते ही सारा खेल बदल जाता है।

Dog saving owner- India TV Hindi
हमलावरों से मालिक को बचाता कुत्ता Image Source : INDIA TV

गुजरात के मोरबी में एक पालतू कुत्ते ने तीन हमलावरों से अपने मालिक की जान बचा ली। इसके साथ ही लूट से भी फॉर्म हाउस को बचा लिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें तीनों हमलावर, किसान और पालतू कुत्ता नजर आ रहे हैं। जिस किसान पर हमला हुआ था, उसका नाम अमित ठेबा बताया जा रहा है। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। टंकारा तहसील के मिताना गांव की इस घटना के बाद किसान ने टंकारा पुलिस में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

टंकारा डिएसपी समीर सारडा ने बताया कि जिस किसान पर हमला हुआ था, वह खेती करने के अलावा शादियों में घोड़ी ले जाने का काम करता है। किसान का किसी के साथ विवाद हुआ होगा। इसी वजह से रात में दो बजे के करीब तीन हमलावर उसके घर में घुसे और उस पर हमला कर दिया। पीड़ित को तीनों हमलावरों ने घेर रखा था और एक उसे मार रहा था। 

तीन हमलावरों पर भारी पड़ा अकेला कुत्ता

अपने मालिक के साथ मारपीट देखकर कुत्ता जोर-जोर से भौंकने लगा। इसके बाद मालिक के दिमाग में कुत्ते की मदद लेने का विचार आया। वह किसी तरह हमलावरों से भागते हुए कुत्ते के करीब पहुंचा और उसकी रस्सी खोल दी। रस्सी खुलने के बाद कुत्ते ने तीनों हमलावरों को भगा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। अब तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

कुत्ते का नाम जॉनी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार कुत्ता विदेशी ब्रीड का है। घटना के बाद कुत्ते के मालिक ने उसके साथ मस्ती करते हुए कुछ वीडियो भी साझा किए हैं।

(मोरबी से निलेश पटेल की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।