1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सूरत क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कनैयालाल गिरफ्तार, करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी मामले में EOW ने लिया एक्शन

सूरत क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कनैयालाल गिरफ्तार, करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी मामले में EOW ने लिया एक्शन

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 20, 2025 06:51 pm IST,  Updated : Nov 20, 2025 06:56 pm IST

सूरत जिला क्रिकेट संघ SDCI के अध्यक्ष और सूरत के प्रतिष्ठित परिवार के 80 वर्षीय कनैया कॉन्ट्रैक्टर को आर्थिक अपराध निवारण शाखा ने करोड़ों रूपये की धोखाधड़ी और विश्वासघात के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है।

कनैयालाल कॉन्ट्रेक्टर- India TV Hindi
कनैयालाल कॉन्ट्रेक्टर Image Source : REPORTER

सूरतः सूरत पुलिस ने बृहस्पतिवार को जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष कनैयालाल कॉन्ट्रेक्टर को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि पदाधिकारी पर अपने व्यावसायिक साझेदारों के जाली हस्ताक्षर बनाकर 2.92 करोड़ रुपये का गारंटीशुदा कर्ज हासिल करने का आरोप है जिसे बाद में उन्होंने चुकाया भी नहीं। फिलहाल पुलिस कनैयालाल से पूछताछ कर रही है। 

आर्थिक अपराध शाखा ने दर्ज किया था मामला

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने पिछले साल सूरत जिला क्रिकेट संघ (एसडीसीए) के अध्यक्ष कॉन्ट्रैक्टर (82) के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में मामला दर्ज किया था। कॉन्ट्रैक्टर के दिवंगत भाई की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई थी जो एक निर्माण कंपनी में साझेदार हैं। 

फर्जी साइन करने का भी आरोप

पुलिस के अनुसार, कॉन्ट्रैक्टर ने कथित तौर पर अपनी भाभी नयनाबेन और उनके दिवंगत पति हेमंतभाई के जाली हस्ताक्षर किए, ताकि उनकी साझेदारी वाली कंपनी पर नियंत्रण पाने के लिए एक नकली ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ तैयार की जा सके। निर्माण कंपनी की जाली पावर ऑफ अटॉर्नी का इस्तेमाल करके उसने कथित तौर पर शहर के अठवालाइन्स इलाके में कंपनी की प्रॉपर्टी पर 2.92 करोड़ रुपये का कर्ज लिया। 

निजी खर्च के लिए निकाली रकम 

पुलिस ने कहा कि कॉन्ट्रैक्टर ने कथित तौर पर कर्ज की रकम अपने निजी खर्च के लिए निकाल ली। इसमें कहा गया है कि आरोपी ने लोन का कुछ हिस्सा चुका दिया, लेकिन करीब 67 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। एक साल पहले केस दर्ज होने के बाद, कॉन्ट्रैक्टर ने गुजरात उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय दोनों से अग्रिम जमानत के लिये अनुरोध किया। अधिकारी ने कहा कि अदालत से राहत नहीं मिलने पर अपराध शाखा ने उसे हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय लेनदेन और दूसरे लोगों की संलिप्तता का पता लगाने के लिये जांच शुरू कर दी गई है। 

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।