गुजरात के सुरेंद्रनगर से दर्दनाक सड़क हादसे का वीडियो सामने आया है। यहां एक टैक्सी ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिसकी मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ नजर आ रहा है कि गाड़ी ड्राइवर के नियंत्रण में नहीं थी। एक व्यक्ति को टक्कर मारने के बाद गाड़ी बिजली के पोल और घर की दीवार से टकरा गई। गाड़ी को भी काफी नुकसान हुआ है। टैक्सी का शीशा और बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीसीटीवी वीडियो में ड्राइवर की लापरवाही साफ नजर आ रही है। वहीं, इस हादसे में दूसरा युवक बाल बाल बच गया।
सीसीटीवी वीडियो में क्या?
सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि खाली सड़क पर दो युवक पैदल जा रहे हैं, तभी उन्हें सामने से एक तेज रफ्तार टैक्सी आती दिखाई देती है। गाड़ी ड्राइवर के नियंत्रण में नहीं थी और ड्रिफ्ट मारते हुए आ रही थी। अनियंत्रित गाड़ी को अपनी तरफ आता देख एक युवक सड़क के किनारे भागता है, जबकि दूसरा वहीं खड़ा रह जाता है। दुर्भाग्य से गाड़ी भी उसी दिशा में चली जाती है, जिधर पहला युवक भागता है। तेज रफ्तार कार से टकराने के बाद पीड़ित हवा में उछल जाता है और तेज गति के साथ बिजली के पोल से टकराता है। इसके बाद कार भी पोल से टकराती है और पीड़ित युवक पोल से टकराने के बाद नीचे गिरता है।
हादसे में युवक बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
(सुरेंद्रनगर से मयूर सांधी की रिपोर्ट)