1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. Video: गर्लफ्रेंड से मिलने गए 2 युवकों को परिजनों ने पेड़ से बांधकर पीटा, तालिबानी सजा का वीडियो वायरल

Video: गर्लफ्रेंड से मिलने गए 2 युवकों को परिजनों ने पेड़ से बांधकर पीटा, तालिबानी सजा का वीडियो वायरल

 Reported By: Nirnay Kapoor, Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 02, 2025 11:31 am IST,  Updated : Aug 02, 2025 11:31 am IST

वायरल वीडियो में 10 आरोपियों को देखा जा सकता है। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपनी प्रेमिकाओं से मिलने आए थे।

boys beaten- India TV Hindi
आदिवासी युवकों को पेड़ से बांधकर पीटा Image Source : REPORTER INPUT

गुजरात के पंचमहल जिले में दो युवकों की बेरहमी के साथ पिटाई का वीडिया सामने आया है। वीडियो शहेरा तालुका के ताडवा गांव का है। वायरल वीडियो में दो युवकों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपनी प्रेमिकाओं से मिलने आए थे। इसी दौरान लड़कियों ने परिजनों ने उन्हें पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर पीटा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों युवतियां भी मौके पर मौजूद थीं और उनके साथ भी मारपीट की गई।

दोनों युवक मेहसाणा जिले के मेहमतपुर के रहने वाले हैं और युवतियों से मिलने आए थे। युवतियों के परिजन उन्हें कार में बैठाकर ताडवा गांव लाए और गांव में पेड़ से बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा। भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 

पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया

वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। वीडियो में दिख रहे 10 आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है, और ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

युवकों पर लड़कियों को भगाने का आरोप

मारपीट करने वाले परिजनों ने आरोप लगाया है कि आदिवासी युवक उनकी बेटियों को भगाकर ले गए थे। इसके बाद दोनों लड़कियों को उनके प्रेमियों के साथ पकड़ा गया और गांव लाकर चारों को तालिबानी सजा दी गई। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं पर उनके रिश्तेदारों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी हमला किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लोगों की कार्रवाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस उपाधीक्षक एन वी पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो में दो लोगों को पेड़ से बांधकर एक समूह द्वारा लात-घूंसों और डंडों से पीटते हुए देखा गया, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। 

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारी ने बताया, "वीडियो की जांच के बाद पता चला कि यह घटना जिले के शेहरा थाना क्षेत्र के तहत आने वाले तडवा गांव में बृहस्पतिवार को हुई थी।" दोनों पीड़ितों की शिकायत पर शेहरा पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने युवकों का अपहरण किया था। आरोपियों में से कुछ महिलाओं के रिश्तेदार है। महिलाओं के रिश्तेदारों को उन दोनों युवकों के साथ भागने पर नाराजगी थी। उन्होंने दोनों को पड़ोसी खेड़ा जिले के मेहमदाबाद से पकड़ लिया। 

अपहरण वाला वाहन भी जब्त

शेहरा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि लोगों ने दोनों युवकों को वहां से कथित तौर पर अगवा कर एक वाहन में लेकर तडवा गांव आए, जहां उन्हें "सजा" के तौर पर पेड़ से बांधकर पीटा गया। पुलिस के अनुसार, युवकों के साथ भागी महिलाएं भी गांव लाई गईं और उनके परिजनों व गांव वालों ने उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने बताया कि महिलाओं के रिश्तेदारों और गांव के अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है जिनमें अनुचित तरीके से बंधक बनाना, अपहरण, गैरकानूनी जमावड़ा और जानबूझकर अपमान करना शामिल हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि अपहरण में इस्तेमाल किए गए वाहन को जब्त कर लिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।