1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. Vadodara Violence: मामूली एक्सीडेंट के बाद दो गुटों में पथराव, 5 घायल, 10 से ज्यादा हिरासत में

Vadodara Violence: मामूली एक्सीडेंट के बाद दो गुटों में पथराव, 5 घायल, 10 से ज्यादा हिरासत में

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 18, 2022 09:16 am IST,  Updated : Apr 18, 2022 10:14 am IST

वडोदरा के रावपुरा टॉवर के पास देर रात दो गुटों के बीच पथराव की घटना के बाद दोनों गुट आमने सामने आ गए और पथराव हो गया। इस दौरान हमले में 5 लोगों को चोटें आई हैं।

Vadodara Violence- India TV Hindi
Vadodara Violence Image Source : PTI

Vadodara Violence: देश के कई स्थानों पर दो गुटों की हिंसा की खबरों के बीच वड़ोदरा में भी देर रात दो गुटों के बीच पत्थरबाजी की घटना हो गई। जानकारी के अनुसार वडोदरा के रावपुरा टॉवर के पास देर रात दो गुटों के बीच पथराव की घटना के बाद दोनों गुट आमने सामने आ गए और पथराव हो गया। इस दौरान हमले में 5 लोगों को चोटें आई हैं। जिसमें एक की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर सहित आला पुलिस अधिकारियों का काफिला मौके पर पहुंचा। जानकारी के मुताबिक एक मंदिर की मूर्ति की भी उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की। इसके चलते इलाके में काफी तनाव फैल गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गश्त बढ़ाई और दंगाइयों की खोजबीन में लग गई। पुलिस के मुताबिक स्टेट कंट्रोल की ओर से विशेष रिजर्व पुलिस बल की SRP दो कंपनियां तैनात की गई हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। 

जानिए कैसे शुरू हुआ विवाद?

बताया जा रहा है कि रावपुरा में रात 12 बजे के आसपास दो व्यक्तियों का छोटा सा ऐक्सिडेंट हो गया, जिसके बाद कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। इसके बाद पथराव शुरू हो गया। इसी बीच मंदिर की टूटी हुई मूर्ति को रात में ही पुलिस ने बदल दिया और वहां नई मूर्ति स्थापित कर दी गई। 

उपद्रवियों की तलाश जारी, 10 से ज्यादा लोग हिरासत में

घटना के बाद पुलिस उपद्रवियों की लगातार खोजबीन में लगी हुई है। पुलिस ने कुछ लोगों को आइडेंटिफाई किया है, उनकी तलाश जारी है। इसी बीच वड़ोदरा में पुलिस ने रात से अब तक 10 से ज्यादा लोगों को अरेस्ट कर लिया है। इसमें दोनों समुदायों के लोग शामिल हैं।

मूर्ति टूटने की एफआईआर दर्ज

इसी बीच साईं बाबा की मूर्ति टूटने के मामले में भी FIR दाखिल हुई है। मूर्ति कैसे टूटी ये अभी पता नहीं चल सका है। दोनों पक्ष एक—दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं पुलिस को प्रथमदृष्टया लग रहा है कि मूर्ति पथराव के दौरान भगदड़ में टूटी हो सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।