1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. VIDEO: इश्क और धोखेबाजी ऐसी, करोड़ों के गहने चुराकर फरार हुई थी हर्षिदा, अब प्रेमी ने कर दिया खेल

VIDEO: इश्क और धोखेबाजी ऐसी, करोड़ों के गहने चुराकर फरार हुई थी हर्षिदा, अब प्रेमी ने कर दिया खेल

 Reported By: Nirnay Kapoor Edited By: Kajal Kumari
 Published : May 19, 2026 11:28 pm IST,  Updated : May 19, 2026 11:28 pm IST

अहमदाबाद में एक ज्वेलरी शॉप से करोड़ों रुपये के गहने लेकर फरार होने वाली सेल्स गर्ल हर्षिदा को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपने शादीशुदा प्रेमी के लिए ज्वेलरी चुराई लेकिन प्रेमी ने उसे धोखा दे दिया।

ज्वेलरी चुराने वाली सेल्सगर्ल गिरफ्तार- India TV Hindi
ज्वेलरी चुराने वाली सेल्सगर्ल गिरफ्तार Image Source : REPORTER

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने करोड़ों रुपये के गहने चोरी करने वाली सेल्स गर्ल हर्षिदा शेट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। हर्षिदा ने अहमदाबाद के निकोल इलाके में स्थित एक ज्वेलरी शोरूम से 1.66 करोड़ रुपये के सोने की ज्वेलरी चुराई थी। इस मामले में पुलिस जांच के दौरान इश्क और धोखे की एक बेहद हैरान करने वाली कहानी सामने आई है। हर्षिदा पिछले 11 महीनों से शोरूम में काम कर रही थी और मालिक का उस पर अटूट भरोसा था। उसने वस्त्राल के रहने वाले मयूर माली नाम के अपने शादीशुदा प्रेमी के साथ नई जिंदगी बसाने के लिए 11 मई को मौका पाकर शोरूम से करोड़ों रुपये के गहने चुरा लिए।

गहने की चोरी के बाद दिल्ली भाग गए दोनों

चोरी को अंजाम देने के बाद हर्षिदा और उसके प्रेमी, दोनों पुलिस से बचने के लिए बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर उदयपुर और जयपुर होते हुए दिल्ली भाग गए। दिल्ली में घूमने के बाद दोनों एक होटल में रुके थे। होटल में एक दिन जब हर्षिदा नहाने गई, तो उसका प्रेमी मयूर माली 1.66 करोड़ के अधिकांश गहने लेकर उसे अकेला छोड़कर फरार हो गया। वह हर्षिदा के पास सिर्फ 18 लाख रुपये के गहने छोड़ गया था। हर्षिदा ने अपने शादीशुदा प्रेमी के लिए करोड़ों के गहने चुरा लिए, लेकिन उसका प्रेमी ही उसे धोखा देकर फरार हो गया।

प्रेमी ने दिया धोखा, बचे हुए गहने बेचने निकली थी

प्रेमी से धोखा खाने के बाद मायूस हर्षिदा वापस अहमदाबाद लौट आई। वह माणेकचौक बाजार में बचे हुए 18 लाख रुपये के गहने बेचने की फिराक में ग्राहक ढूंढ रही थी, तभी अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने हर्षिदा शेट्टी को हिरासत में लेकर निकोल पुलिस को सौंप दिया है और फरार प्रेमी मयूर माली की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।