1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. 'मेरिट और योग्यता के आधार पर नौकरी देना मेरी सरकार का पहला और अंतिम आधार', पर्ची-खर्ची को लेकर CM सैनी ने कही ये बात

'मेरिट और योग्यता के आधार पर नौकरी देना मेरी सरकार का पहला और अंतिम आधार', पर्ची-खर्ची को लेकर CM सैनी ने कही ये बात

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 23, 2024 02:50 pm IST,  Updated : Sep 23, 2024 02:59 pm IST

सीएम सैनी ने हरियाणा के युवाओं को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जो अपनों के नहीं हुए वो आपके क्या होंगे। नौकरी योग्यता से मिलेगी तो आज नहीं तो कल नंबर आ ही जाएगा।

nayab Saini- India TV Hindi
सीएम सैनी Image Source : PTI/FILE

चंडीगढ़: हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है और राज्य के युवाओं को संबोधित किया है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपनी पार्टी में कभी मेरिट और योग्यता को बढ़ावा नहीं दिया वो प्रशासन और सरकार में मेरिट को क्या लागू करेंगे।

क्या है पूरा मामला?

सीएम सैनी ने कहा, 'मेरे हरियाणा के युवा साथियों, पिछले कुछ दिनों से पर्ची-खर्ची के नाम से आपके भविष्य का सौदा कांग्रेस उम्मीदवार और हुड्डा समर्थक कर रहे हैं। मुझे इनकी मानसिकता देखकर दुख भी होता है और गुस्सा भी आता है। आज कांग्रेस घूस, घोटाला और नौकरी की नीलामी को एजेंडा बनाकर चल रही है।'

सीएम सैनी ने कहा, 'जिन्होंने अपनी पार्टी में कभी मेरिट और योग्यता को बढ़ावा नहीं दिया, वो प्रशासन और सरकार में मेरिट को क्या लागू करेंगे। साथियों कांग्रेसी दुकान में केवल आपका भविष्य नीलाम नहीं हो रहा है बल्कि आपकी योग्यता, आपकी मेहनत, आपके मां-बाप के सपने भी नीलाम हो रहे हैं।'

सैनी ने कहा, 'फिर से जमीन बेचना पड़े, फिर मां के गहने गिरवी रखने पड़ें और फिर किसी नेता, रिश्तेदार, करीबी और बिचौलियों के चक्कर लगाने पड़ें, यह आपके स्वाभिमान का और आपकी क्षमता का अपमान है। जो बोली कांग्रेसी लगा रहे हैं, वो केवल नौकरी की नहीं बल्कि आपकी भी है। कोई गारंटी नहीं है कि जो आज 50 वोटों में या 5 लाख में नौकरी बेच रहा है, वो 60 वोट और 70 लाख में दूसरे से सौदा नहीं करेगा।'

सैनी ने कहा, 'साथियों मैं आपसे एक ही बात कहना चाहता हूं, जो अपनों के नहीं हुए वो आपके क्या होंगे। नौकरी योग्यता से मिलेगी तो आज नहीं तो कल नंबर आ ही जाएगा। लेकिन नौकरी अगर पर्ची-खर्ची से मिलने लगी तो रास्ता हमेशा के लिए बंद हो जायेगा। मैं विश्वास दिलाता हूं। मेरिट और योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-खर्ची से नौकरी देना मेरी सरकार का पहला और अंतिम आधार है और मैं इसे जारी रखूंगा।' 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।