हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसी बाइक जब्त की है, जिस पर 81 चालान बकाया था। इस बाइक की कीमत एक लाख रुपये भी नहीं है, लेकिन इस पर बकाया चालान की कुल रकम लगभग 11 लाख 89 हजार रुपए है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने इस बाइक को जब्त कर लिया है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का स्पेशल अभियान जारी है, जिसके तहत बिना नंबर प्लेट और बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई कर रही है।
ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बाइक को पकड़ा, जिस पर 81 चालान बकाया थे। इनमें से अधिकतर बिना हेलमेट बाइक चलाने, गाड़ी का पॉल्यूशन सर्टिफिकेट न होने,आरसी के बिना गाड़ी चलाने, रॉन्ग लेन ड्राइविंग के थे। गुरुग्राम पुलिस लगातार ऐसे वाहनों पर कार्रवाई कर रही है। गुरुग्राम पुलिस ने बीते 2 दिन में बिना नंबर प्लेट वाले 1100 वाहनों को जब्त किया है। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से कानून और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।
क्या है मामला?
साइबर सिटी गुरुग्राम में इन दिनों ट्रैफिक पुलिस का हंटर तेजी से चल रहा है। शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए बिना नंबर प्लेट और बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट वाले वाहनों पर चौतरफा कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें हर मुख्य चौराहे और कट पर मुस्तैद हैं। इसी विशेष अभियान के दौरान गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसी बाइक को पकड़ा, जिसने नियम तोड़ने के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। जब पुलिस ने इस बाइक को रोककर इसका रिकॉर्ड खंगाला तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। इस अकेली बाइक पर 81 चालान बकाया थे। इस बाइक पर लगभग 11 लाख 89 हजार रुपये का जुर्माना बकाया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस बाइक को जब्त कर लिया है।
सड़क पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं
गुरुग्राम पुलिस की कार्रवाई सिर्फ एक बाइक तक सीमित नहीं है। पुलिस का यह चाबुक पिछले कई दिनों से लगातार चल रहा है। आंकड़ों की बात करें तो गुरुग्राम पुलिस ने बीते महज दो दिनों के भीतर बिना नंबर प्लेट और नियमों का उल्लंघन करने वाले 1100 वाहनों को जब्त किया है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है। गुरुग्राम पुलिस की इस महा-कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सड़कों पर गुंडागर्दी और लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वाहन चालकों से पुलिस की अपील
इस अभियान के बीच गुरुग्राम पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों से एक बेहद महत्वपूर्ण अपील भी की है। पुलिस का कहना है कि लोग कानून का सम्मान करें, अपनी गाड़ियों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट जरूर लगवाएं और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि वे किसी बड़ी कानूनी कार्रवाई या भारी-भरकम जुर्माने से बच सकें।
(गुरुग्राम से गोहित कौशिक की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-