1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा: झज्जर में विजय हत्याकांड का आरोपी बदमाश इन्द्रपाल पुलिस मुठभेड़ में ढेर, STF इंस्पेक्टर को भी लगी गोली

हरियाणा: झज्जर में विजय हत्याकांड का आरोपी बदमाश इन्द्रपाल पुलिस मुठभेड़ में ढेर, STF इंस्पेक्टर को भी लगी गोली

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 14, 2026 11:35 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 11:35 pm IST

हरियाणा के झज्जर में विजय हत्याकांड का आरोपी बदमाश इन्द्रपाल पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया है। इस दौरान एसटीएफ इंस्पेक्टर को गोली लगी है।

Vijay murder case- India TV Hindi
विजय हत्याकांड का आरोपी ढेर Image Source : INDIA TV

झज्जर: हरियाणा के झज्जर में विजय हत्याकांड के आरोपी बदमाश इन्द्रपाल को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है। इन्द्रपाल, दुजाना के विजय सैनी हत्याकांड में शामिल था और कसरैटी गांव का रहने वाला था। पुलिस की एसटीएफ टीम के साथ बदमाश इन्द्रपाल की दुजाना नहर के पास मुठभेड़ हुई थी, जिसमें वह मारा गया। इस दौरान STF इंस्पेक्टर राकेश को भी गोली लगी। उन्हें हॉस्पिटल लाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

झज्जर जिले के चर्चित विजय सैनी हत्याकांड में रविवार देर शाम बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और हत्या के आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी मारा गया। मृतक की पहचान कसरैटी गांव जिला रोहतक निवासी इन्द्रपाल के रूप में हुई है, जो दुजाना निवासी विजय सैनी हत्याकांड में शामिल बताया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार दुजाना नहर के पास एसटीएफ टीम को आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की तो आरोपियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान इन्द्रपाल गोली लगने से मारा गया। वहीं एसटीएफ के इंस्पेक्टर राकेश भी गोली लगने से घायल हो गए।

घायल इंस्पेक्टर राकेश को तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। गोली उनके बाजू में लगी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री भी नागरिक अस्पताल पहुंचीं और घायल अधिकारी का हालचाल जाना।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इन्द्रपाल, विजय सैनी हत्याकांड के मुख्य आरोपी संजय बिरधाना का करीबी सहयोगी था। पुलिस पहले ही इन्द्रपाल की गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई थी। 

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस कमिश्नर डॉ राजश्री ने स्वीकार किया कि हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव था और पुलिस को लगातार महत्वपूर्ण इनपुट प्राप्त हो रहे थे। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर एसटीएफ ने कार्रवाई को अंजाम दिया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दुजाना गांव के खेतों में विजय सैनी नामक अधेड़ की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर अधिक जानकारी साझा करने से बच रही है। वहीं जिले की पुलिस इस मामले की हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इस मुठभेड़ के बाद विजय सैनी हत्याकांड की जांच ने नया मोड़ ले लिया है तथा पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मामले से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंच बनाई जा सकेगी। (रिपोर्ट- सुनील कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।