1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. इनेलो चीफ ओमप्रकाश चौटाला बोले, 'अगर पार्टी ने टिकट दिया तो जरुर लडूंगा विधानसभा चुनाव'

इनेलो चीफ ओमप्रकाश चौटाला बोले, 'अगर पार्टी ने टिकट दिया तो जरुर लडूंगा विधानसभा चुनाव'

 Published : Jul 20, 2023 10:36 pm IST,  Updated : Jul 20, 2023 11:14 pm IST

ओमप्रकाश चौटाला को शिक्षक भर्ती घोटाले में 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी और सजा पूरी करने के बाद वह लगभग दो साल पहले जेल से रिहा हुए थे। मौजूदा कानून के अनुसार, वह रिहाई की तारीख से छह साल तक चुनाव नहीं लड़ सकते।

INLD chief Omprakash Chautala, Haryana- India TV Hindi
इनेलो चीफ ओमप्रकाश चौटाला Image Source : FILE

चंडीगढ़: इनेलो संरक्षक और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि अगर उनकी पार्टी उन्हें टिकट देगी तो वह 2024 में होने वाला राज्य विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने कहा, "कौन चुनाव नहीं लड़ना चाहता? अगर मेरी पार्टी टिकट देगी तो मैं निश्चित रूप से चुनाव लड़ूंगा।" जब उनसे पूछा गया कि क्या वह जींद के उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना पसंद करेंगे, जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में उनके पोते और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला कर रहे हैं तो 88 वर्षीय ओमप्रकाश चौटाला ने कहा, ''किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना है, यह मेरा काम नहीं है। मेरी पार्टी तय करेगी कि किसे कहां से चुनाव लड़ना चाहिए।” 

ओमप्रकाश चौटाला को शिक्षक भर्ती घोटाले में 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी

दुष्यंत चौटाला के पिता अजय सिंह चौटाला वर्तमान में जननायक जनता पार्टी (जजपा) के प्रमुख हैं, जिसे उन्होंने इनेलो से अलग होने के बाद बनाया था। जजपा हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन में है। ओमप्रकाश चौटाला को शिक्षक भर्ती घोटाले में 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी और सजा पूरी करने के बाद वह लगभग दो साल पहले जेल से रिहा हुए थे। मौजूदा कानून के अनुसार, वह रिहाई की तारीख से छह साल तक चुनाव नहीं लड़ सकते।

बेटे अभय सिंह चौटाला ने भी कही थी ये बात 

इनेलो प्रमुख के छोटे बेटे और पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने पहले कहा था कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री की सजा के मद्देनजर कोई कानूनी बाधा नहीं हुई, तो ओमप्रकाश चौटाला उचाना कलां से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भविष्यवाणी नहीं कर सकते कि इनेलो भविष्य में किन दलों के साथ गठबंधन कर सकती है। उन्होंने कहा, "हमने अतीत में कई दलों के साथ गठबंधन किया है। जिस भाजपा के खिलाफ हम आज खड़े हैं, एक समय - अटल बिहारी वाजपेयी के समय - हमने उन्हें बिना शर्त समर्थन दिया था।" 

विपक्षी दलों के गठबंधन को लेकर कही ये बात 

विपक्ष के मोर्चे ‘इंडिया’ पर इनेलो प्रमुख ने कहा कि सभी दलों को उस समूह में शामिल होना चाहिए जो भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का मुकाबला करेगा। उन्होंने कहा, "परिवर्तन निश्चित रूप से आएगा और परिस्थितियां बदलेंगी तथा इस सरकार के कुशासन का अंत होगा और एक अच्छी सरकार बनेगी।" ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्यूसिव अलांयस’ (इंडिया) 26 विपक्षी दलों का गठबंधन है जिन्होंने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए हाथ मिलाया है। राज्य का दौरा कर रहे ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि पार्टी की परिवर्तन यात्रा को लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया और समर्थन मिल रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।