1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. नूंह जिले में इंटरनेट और बल्क SMS सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद, गृह विभाग ने जारी किया आदेश, सामने आई ये वजह

नूंह जिले में इंटरनेट और बल्क SMS सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद, गृह विभाग ने जारी किया आदेश, सामने आई ये वजह

 Reported By: Abhay Parashar, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 13, 2025 08:49 pm IST,  Updated : Jul 14, 2025 07:40 am IST

हरियाणा के नूंह में इंटरनेट और बल्क एसएमएस सर्विस को रविवार रात 9 बजे से सोमवार रात 9 बजे तक के लिए स्पेंड कर दिया गया है।

इंटरनेट बंद...- India TV Hindi
इंटरनेट बंद (प्रतिकात्मक तस्वीर) Image Source : FILE

सावन के पहले सोमवार को हरियाणा के नूंह जिले में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। दो साल पहले हुई हिंसा की घटना को देखते हुए प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। नूंह में इंटरनेट और बल्क एसएमएस सर्विस को रविवार रात 9 बजे से सोमवार रात 9 बजे तक के लिए स्पेंड कर दिया गया है। गृह विभाग की ओर से यह आदेश जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक, 13 जुलाई रात 9 बजे से 14 जुलाई रात 9 बजे तक 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

हथियार ले जाने पर प्रतिबंध

जिलाधिकारी विश्राम कुमार मीणा ने रविवार को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत एक आदेश जारी कर सभी तरह के हथियार ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। केवल सिख समुदाय के सदस्यों द्वारा धार्मिक प्रतीक के रूप में धारण किए जाने वाले म्यान वाले कृपाण को ही इससे छूट दी गई है। आदेश में कहा गया है कि यात्रा के दौरान धार्मिक रूप से भड़काऊ या किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री वाले डीजे, लाउडस्पीकर या ध्वनि-वर्धक उपकरणों का उपयोग भी सख्त वर्जित रहेगा। जिला प्रशासन ने रविवार से यात्रा मार्ग पर मांस की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया है और कांवड़ मार्ग पर मांस की दुकानें 24 जुलाई तक बंद रहेंगी।

इंटरनेट सेवाएं निलंबित 

एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं और ड्रोन निगरानी शुरू कर दी गई है। हरियाणा सरकार ने रविवार को नूंह जिले में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस सेवाओं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज को छोड़कर) और मोबाइल नेटवर्क पर प्रदान की जाने वाली सभी डोंगल सेवाओं को 24 घंटे के लिए निलंबित करने का आदेश दिया। ये सेवाएं 13 जुलाई रात 9.0 बजे से 14 जुलाई रात 9.0 बजे तक निलंबित रहेंगी। हालांकि इसमें वॉयस कॉल को छूट दी गई है। 

Nuh, Internet
Image Source : INDIA TVनूंह इंटरनेट बंद

राज्य गृह विभाग के आदेश के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य व्हाट्सएप, फेसबुक और X जैसे सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से गलत सूचना और अफवाहों के प्रसार को रोकना है और आंदोलनकारियों या प्रदर्शनकारियों के किसी भी जुटान की जांच करना है जो आगजनी, तोड़फोड़ या अन्य हिंसक गतिविधियों में लिप्त हो सकते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।

बिट्टू बजरंगी पर रोक

पुलिस के अनुसार, गौरक्षक बिट्टू बजरंगी को यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई है और उसके सोशल मीडिया अकाउंट को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक नूंह जिले के पेट्रोल पंपों पर बोतलों जैसे खुले पात्रों में पेट्रोल या डीजल की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने बताया कि सोमवार को यात्रा के दौरान करीब 2,500 पुलिसकर्मी तैनात किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि उस दिन जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। (इनपुट- भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।