हरियाणा के कैथल में पत्नी शालू की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या करने वाले आरोपी पति अरुण ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि हत्या के बाद वह खुद भी सुसाइड करना चाहता था और सुसाइड नोट भी लिख चुका था, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा सका। पूरी रात वह पत्नी के शव के पास ही बैठा रहा, जबकि दोनों बच्चे बेड पर सोते रहे।
भाभी से कहा आप संभाल लेना
अगली सुबह करीब 11 बजे आरोपी की हिम्मत जवाब दे गई। सामने वाले घर में झाड़ू-पोंछा कर रही भाभी दामिनी को उसने कहा, 'मैंने अपनी पत्नी को मार दिया है, आप संभाल लेना।' फिर वह घर से भाग निकला। गिरफ्तारी तक वह शहर में ही घूमता रहा। पुलिस ने रेलवे फाटक के पास से उसे दबोच लिया।
सास सुनीता देवी को किया कॉल
भागने से पहले अरुण ने पत्नी का मोबाइल तोड़ दिया और सास सुनीता देवी को कॉल कर कहा, 'आपकी बेटी इस दुनिया में नहीं रही, मैंने ही मारा है। फोटो भेजूं क्या?' इससे सास से उसकी बहस हो गई।
बार-बार मायके जाने से था परेशान
पूछताछ में अरुण ने सुसाइड नोट का भी जिक्र किया। इसमें उसने लिखा कि वह शालू से बहुत प्यार करता था, लेकिन उसके बार-बार मायके (बठिंडा) जाने से परेशान था। पत्नी बच्चों के साथ मायके ज्यादा रहती थी और ससुराल आने पर धमकी देकर वापस भेज देते थे। नोट में उसने दोनों की मौत का जिम्मेदार खुद को बताया, लेकिन हत्या के बाद सुसाइड नहीं कर पाया।
चरित्र पर शक को बताया हत्या का कारण
शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक को हत्या का मुख्य कारण बताया। वह पहले चोरी के मामले में भी फंस चुका था। उधर, मृतका शालू का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसके मायके वाले बठिंडा ले गए और वहीं अंतिम संस्कार किया। उन्होंने शालू के 5 साल के बेटे और 3 साल की बेटी को भी अपने साथ ले लिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।