1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. घने कोहरे का असर: करनाल हाइवे पर चार वोल्वो बसें और एक स्कॉर्पियो आपस में टकराईं, बाल-बाल बचे 150 यात्री

घने कोहरे का असर: करनाल हाइवे पर चार वोल्वो बसें और एक स्कॉर्पियो आपस में टकराईं, बाल-बाल बचे 150 यात्री

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 28, 2025 03:00 pm IST,  Updated : Dec 28, 2025 03:00 pm IST

उत्तर भारत में कोहरे के चलते लगातार हादसे हो रहे हैं। ऐसे में सुबह के समय कम से कम यात्रा करने की सलाह दी गई है। हाईवे पर फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और धीमी गति से चलते का सुझाव दिया गया है।

Karnal Bus Accident- India TV Hindi
करनाल हाईवे में कई बसें टकराईं Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा के करनाल में घने कोहरे के चलते कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। यह हादसा करनाल हाईवे पर हुआ। गनीमत रही कि इस हादसे में अलग-अलग गाड़ियों में सवार लगभग 150 यात्रियों की जान बच गई। कम विजिबिलिटी के कारण एक के बाद एक वाहन टकरा गए। अचानक लगे ब्रेक ने कुछ ही पलों में सड़क को हादसे का मैदान बना दिया। पांच वाहन (चार वोल्वो बसें और एक स्कॉर्पियो) आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन किस्मत अच्छी रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। 

जानकारी के अनुसार, हाइवे पर आगे चल रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए। घना कोहरा होने के कारण पीछे से आ रही बसों को संभलने का मौका नहीं मिला। नतीजा यह रहा कि चारों वोल्वो बसें आपस में टकरा गईं और पीछे से आ रही स्कॉर्पियो भी इस चपेट में आ गई। देखते ही देखते हाइवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

नींद में थे यात्री, तेज झटके से खुली आंखें

बस में सवार यात्रियों ने बताया कि अधिकतर लोग यात्री गहरी नींद में थे। अचानक एक जोरदार झटका लगा, जिससे सभी घबरा गए। जब बाहर झांक कर देखा तो पता चला कि कई बसें टकरा चुकी हैं। यात्रियों ने बताया कि कोहरा इतना घना था कि कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई। बसों में 150 सवारियां थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीमें मौके पर पहुंचीं। सब इंस्पेक्टर जगमोहन और एएसआई जगपाल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में करीब 150 सवारियां मौजूद थीं। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। क्षतिग्रस्त बसों और स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।

यात्रियों को दूसरी बसों में भेजा 

हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत व्यवस्था करते हुए यात्रियों को अन्य बसों में शिफ्ट कराया। पुलिस की तत्परता और ड्राइवरों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया, जो किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकता था। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के मौसम में बेहद सतर्क रहें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें, तेज रफ्तार से बचें और अचानक ब्रेक लगाने से पहले स्थिति का सही आकलन करें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

(करनाल से अमित भटनागर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

Video: हरियाणा में शराब के नशे में पुलिसकर्मी ने रोड पर मचाया तांडव, कार से 4 गाड़ियों को मारी टक्कर

राखीगढ़ी के लिए आवंटित हुए 500 करोड़ रुपये, जानें इस जगह में ऐसा क्या है खास

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।