गुरुग्राम: दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां वाहनों की चेकिंग के दौरान एक ऐसी घटना हुई जिसे देखने के बाद खुद पुलिस वाले भी चौंक गए। दरअसल, पुलिस की टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट और बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के आ रही एक मोटरसाइकिल को रोका। अधिकारियों ने जब बाइक का रिकार्ड चेक किया तो पता चला कि बाइक के 107 चालान पेंडिंग थे। इन सभी चालान की कुल कीमत करीब 2 लाख 36 हजार रुपये पहुंच चुकी थी। इतना ही नहीं बाइक चालक कोई दस्तावेज भी नहीं दिखा सका। फिलहाल पुलिस ने बाइक को इंपाउंड कर दिया है।
107 चालान थे पेंडिंग
गुरुग्राम में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले एक बाइक सवार के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक 107 चालान पेंडिंग होने पर पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। मामला गुरुग्राम के नेशनल हाईवे 48 का है, जहां ट्रैफिक इंस्पेक्टर महाबीर सिंह की टीम लेन ड्राइविंग की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना हेलमेट और बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के आ रही एक मोटरसाइकिल (नंबर: HR-36 AR-8308) को रोका गया।
2.36 लाख रुपये थी जुर्माने की राशि
जानकारी के मुताबिक जब पुलिस ने डिवाइस पर इस बाइक का रिकॉर्ड चेक किया, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। इस मोटरसाइकिल पर एक-दो नहीं, बल्कि विभिन्न नियमों के उल्लंघन के पूरे 107 चालान लंबित थे। इन लंबित चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 2 लाख 36 हजार रुपये पहुंच चुकी थी। जब चालक से गाड़ी के कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक को इंपाउंड कर दिया है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय पर अपने चालान का भुगतान करें और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।
गुरुग्राम में हादसा
एक अन्य मामले में रोडवेज बस ने सेक्टर-37 क्षेत्र में चार राहगीरों को कुचल दिया। बस ने कई खड़े वाहनों में टक्कर भी मार दी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई अन्य को चोट आई। इस दौरान भीड़ ने बस पर पथराव भी किया। घटना के बाद बस चला रहा ट्रेनी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''बस को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।'' (इनपुट- गोहित)
यह भी पढ़ें-
लखनऊ कोचिंग सेंटर में हादसे के बाद कैसे हैं हालात? चश्मदीदों ने क्या कहा; देखिए ग्राउंड रिपोर्ट