1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. वारिस पठान का सिर कलम करने वाले को मिलेगा 11 लाख का इनाम, मुस्लिम संगठन का ऐलान

वारिस पठान का सिर कलम करने वाले को मिलेगा 11 लाख का इनाम, मुस्लिम संगठन का ऐलान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 22, 2020 10:56 am IST,  Updated : Feb 22, 2020 10:56 am IST

बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अल्पसंख्यक सामाजिक संगठन ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रवक्ता वारिस पठान का सिर कलम करने वाले को 11 लाख रुपये इनाम में देने का ऐलान किया है।

AIMIM  प्रवक्ता वारिस पठान- India TV Hindi
AIMIM  प्रवक्ता वारिस पठान Image Source : FACEBOOK

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर के एक अल्पसंख्यक सामाजिक संगठन ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रवक्ता वारिस पठान का सिर कलम करने वाले को 11 लाख रुपये इनाम में देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही हक-ए-हिंदुस्तान मोर्चा नाम के सामाजिक संगठन के संयोजक तमन्ना हाशमी ने पठान के बयान की कड़ी निंदा भी की और उसे देश विरोधी बयान बताया। 

बता दें कि वारिस पठान ने बीते गुरुवार को कर्नाटक के गुलबर्ग में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) विरोधी एक जनसभा में कहा था कि 'हम 15 करोड़ हैं, लेकिन 100 करोड़ पर भारी पड़ेंगे।' पठान ने जिस वक्त यह बयान दिया था, उस समय असदुद्दीन ओवैसी भी वहां मौजूद थे। अब पठान के इस बयान का मुस्लिम संगठन भी खुलकर विरोध कर रहे हैं।

शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में कंपनी बाग रोड पर कुछ हिंदू और मुस्लिम संगठनों ने पठान के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इससे पहले लोगों ने रैली निकालते हुए पठान के पोस्टर पर जूते मारे और उसे जलाया। बता दें कि हैदराबाद और महाराष्ट्र के बाद  बिहार ही एक ऐसा राज्य है, जहां असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी का अस्तित्व है। कुछ महीने पहले किशनगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में AIMIM ने जीत हासिल की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत