सहारनपुर: सहारनपुर के एक गांव में दो समूहों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने आज 17 लोगों को गिरफ्तार किया। झड़प में कल एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। ऊंची जाति के ठाकुर समुदाय के 20-25 युवक शब्बीरपुर गांव से महाराणा प्रताप पर आधारित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सिमलाना गांव जा रहे थे तब दलित वर्ग के स्थानीय लोगों ने युवकों द्वारा उंची आवाज में बजाए जा रहे संगीत पर आपत्ति जताई। (IUML ने BJP की तारीफ करने पर महिला शाखा की प्रमुख को हटाया )
इस बात पर विवाद शुरू हो गया जो झड़प में बदल गया। इसमें सुमित सिंह नाम का व्यक्ति मारा गया जबकि एक पुलिस अधिकारी समेत अन्य 15 लोग घायल हो गए। मारे गए व्यक्ति के पिता की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर आज पुलिस ने 17 लोगों को गिरफ्तार किया जिनमें से सात पर हत्या का आरोप लगाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि पुलिस मामले के अन्य आरोपियों की पहचान की कोशिश कर रही है।