1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गैंगरेप से शर्मिंदा दिल्ली, पुलिस को मिली CCTV फुटेज, आरोपी अभी भी फरार

गैंगरेप से शर्मिंदा दिल्ली, पुलिस को मिली CCTV फुटेज, आरोपी अभी भी फरार

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 18, 2015 09:31 am IST,  Updated : Oct 18, 2015 09:32 am IST

नई दिल्ली: दिल्ली में दो अलग-अलग मामलों में 2 बच्चियों के साथ रेप की हालिया घटनाओं में से एक मामले में दिल्ली पुलिस के हाथों CCTV फुटेज लगा है लेकिन अभी तक इस मामले में

दिल्ली में बच्ची से...- India TV Hindi
दिल्ली में बच्ची से गैंगरेप, CCTV में दिखे शैतान

नई दिल्ली: दिल्ली में दो अलग-अलग मामलों में 2 बच्चियों के साथ रेप की हालिया घटनाओं में से एक मामले में दिल्ली पुलिस के हाथों CCTV फुटेज लगा है लेकिन अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। बाइक सवार दो व्यक्तियों के हाथों एक नन्हीं बच्ची को कथित तौर पर अगवा करने और उसके बर्बरतापूवर्क बलात्कार के बाद अब भी दिल्ली पुलिस को आरोपी की पहचान करनी है। मुख्य सुराग CCTV फुटेज है जिसमें बाइक का पंजीकरण नंबर आंशिक रूप से दिखाई दे रहा है।

दक्षिण पश्चिम दिल्ली के जॉइंट कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने कहा कि, आरोपियों की पहचान और उन्हें पकड़ने के लिए कम से कम 15 टीमों को लगाया गया है। जांच में शामिल पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि जांच में यह बात सामने आई थी कि नांगलोई की इस घटना में रात में करीब साढ़े 11 बजे क्षेत्र में दस मिनट के लिए लाइट जाने का फायदा उठाकर दोनों ने कथित तौर पर ढाई साल की बच्ची का अपहरण कर लिया। उस वक्त बच्ची और उसकी दादी घर के निकट आयोजित रामलीला देख रही थी। लड़की अपनी दादी से कुछ मीटर ही दूर थी।

बाद में पड़ोसियों को वह बच्ची पास के एक पार्क में बेहोश पड़ी मिली। बच्ची के जन्नांगों में गंभीर चोटें आई हैं और उससे काफी खून भी बह रहा था। डॉक्टरों को रक्तस्राव रोकने के लिए ऑपरेशन करना पड़ा। इस मामले में अभी तक पुलिस कोई गिरफ्तारी नहीं कर पायी है।

शुक्रवार को ही दिल्ली के आनंद विहार इलाके में भी ऐसी ही नृशंस घटना सामने आई, जहां तीन लोगों ने 5 साल की एक बच्ची के साथ कथित रूप से बलात्कार किया। खबर है कि बच्ची अपने घर में अकेली थी, तभी उसके पड़ोस में रहने वाला एक शख्स उसे अपने घर ले गया और फिर अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसके साथ बलात्कार किया।

बच्ची के आरोपी के घर से निकलते हुए रोती-बिलखती देख पड़ोसियों ने पुलिस को खबर दी। उनमें से एक पड़ोसी ने पुलिस को बताया कि उसके कपड़े खून से सने थे और वह काफी रो रही थी। इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

इन घटनाओं के सामने आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रेप की बढ़ती वारदातों और महिला सुरक्षा को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल नजीब जंग और दिल्ली पुलिस की कड़ी आलोचना की है।

केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि दिल्ली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा में पूरी तरह से नाकाम रही है। उन्होंने पूछा है कि दिल्ली में मासूम बच्चियों के साथ रेप की घटनाएं सामने आ रही हैं ऐसे में पीएम और उनके एलजी क्या कर रहे हैं?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत