1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. संसद का मानसून सत्र खत्म, लोकसभा में सिर्फ 19% हुआ काम; स्पीकर की चाय पार्टी का विपक्ष ने किया बायकॉट

संसद का मानसून सत्र खत्म, लोकसभा में सिर्फ 19% हुआ काम; स्पीकर की चाय पार्टी का विपक्ष ने किया बायकॉट

 Written By: Khushbu Rawal
 Updated : Aug 13, 2026 12:46 pm IST

संसद का मानसून सत्र आज समाप्त हो गया है। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चिकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंचें और गतिरोध आखिरी दिन भी जारी रहा।

लोकसभा- India TV Hindi
लोकसभा Image Source : PTI

संसद का मानसून सत्र पूरी तरह से वॉशआउट हो गया है। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चिकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। 21 जुलाई से शुरू हुआ संसद का मानसून सत्र कई राजनीतिक टकरावों का गवाह बना। सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म नहीं हो पाया। सत्र की समाप्ति पर लोकसभा अध्यक्ष ने परंपरा के मुताबिक, चाय पार्टी यानि TEA पार्टी का आयोजन किया। इससे जुड़ी बड़ी खबर ये है कि कांग्रेस और विपक्षी सांसदों ने स्पीकर की चाय पार्टी का बॉयकॉट किया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सांसद स्पीकर की टी पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं। विपक्ष की ओर से DMK के सिर्फ एक सांसद स्पीकर की चाय पार्टी में शामिल हुए हैं।

आज मानसून सत्र का आखिरी दिन भी संसद में गतिरोध नहीं टूटा। इससे पहले केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर को चिट्ठी लिखकर विपक्ष के बात करने और चर्चा करवाने की अपील की थी। शाह ने कहा था कि वो चर्चा बाद हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं लेकिन विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपनी जिद पर अड़े रहे। उनका कहना था अमित शाह के भाषण में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है।

एक तरफ जहां लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही स्थगित हो गई। स्पीकर ओम बिरला ने विपक्ष के हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी। वहीं, राज्यसभा की कार्रवाई में आज खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पारित किया गया। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इसी के साथ मानसून सत्र समाप्त हो गया। 

Parliament Monsoon Session Day 19 Highlights

Auto Refresh
Refresh
  • 12:45 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    लोकसभा में सिर्फ 1 दिन ही चर्चा हो पाई- किरेन रिजिजू

    संसद का मानसून सत्र खत्म होने के बाद केंद्रीय संसदीय मंत्री कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि संसदीय सत्र में 12 बिल पास हुए। लोकसभा में सिर्फ 19 फीसदी काम हुआ। लोकसभा में सिर्फ 1 दिन ही चर्चा हो पाई, नए सासंदों को अच्छी चर्चा का मौका नहीं मिला। लोकसभा में  विपक्ष ने सदन में चर्चा नहीं होने दी और चर्चा से भागने के लिए बहाने बनाए। विपक्षी सांसद सिर्फ नारेबाजी के लिए संसद आए। संसदीय लोकतंत्र के लिए ये ठीक नहीं है।

  • 12:26 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    विपक्षी सांसदों ने स्पीकर की चाय पार्टी का बॉयकॉट किया

    लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की चाय पार्टी का कांग्रेस और विपक्षी सांसदों ने बहिष्कार किया। स्पीकर की क्लोजिंग स्पीच ना देने से विपक्षी दल नाराज हैं। DMK के सिर्फ एक सांसद स्पीकर की चाय पार्टी में शामिल हुए।

  • 12:25 PM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    राज्यसभा और लोकसभा दोनों की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित

    राज्यसभा ने खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पारित किया। राज्यसभा और लोकसभा दोनों की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। संसद का मानसून सत्र समाप्त हो गया।

     

  • 11:14 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    राज्यसभा में खरगे ने उठाया शुद्धिकरण का मुद्दा

    राज्यसभा में कार्यवाही जारी है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुद्धकरण का मुद्दा उठाया। खरगे ने कहा कि उत्तराखंड में मेरे भाषण के बाद मैदान का शुद्धिकरण किया गया। वहीं, इस पर जेपी नड्डा ने कहा, हलद्वानी में जो हुआ वो दुखद है। शुद्धिकरण मामले की सरकार जांच कराएगी।

    खरगे ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग थे। इस पर जेपी नड्डा ने कहा है बीजेपी के लोग नहीं थे लेकिन हम जांच करेंगे। जिन लोगों ने शुद्धिकरण किया वो किस पार्टी या संगठन से संबंध थे, जिन्होंने किया था उनसे बात भी करिए।

  • 11:06 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

    लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही वंदे मातरम गीत गाया गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

  • 10:46 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    विपक्ष अब अमित शाह के इस्तीफे पर अड़ा

    पहले छात्रों के प्रदर्शन पर चर्चा की मांग को लेकर प्रोटेस्ट हुआ। फिर गृहमंत्री अमित शाह का बयान देने की मांग पर विपक्ष अड़ा रहा। अब जब अमित शाह संसद में बयान देने के लिए तैयार हैं तो विपक्ष उनकी इस्तीफे की मांग कर रहा है। विपक्ष का कहना है कि टर्म एंड कंडीशन के साथ संसद में चर्चा नहीं हो सकती है यानि कुल मिलाकर कहें तो आज भी संसद में हंगामा देखने को मिलेगा।

  • 10:46 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    क्या आज संसद चलेगी?

    संसद के मॉनसून सत्र का आज आखिरी दिन है। ऐसे में सवाल ये है कि क्या आज संसद चलेगी क्योंकि 20 जुलाई से लेकर अब तक संसद में सिर्फ 19 घंटे काम हुए। समझिए कम से 108 घंटे का काम काज होना चाहिए था लेकिन सिर्फ 19 घंटे। अगर एवरेज निकालेंगे तो रोजाना लोकसभा सिर्फ 60 मिनट ही चली है। इस दौरान 11 बिल पास किए गए। दो बिल तो चर्चा के बाद पास हुई लेकिन 9 बिल ऐसे थे, जिस पर ना तो चर्चा हुई ना कोई बहस हुई। बस हंगामे के बीच पेश किया गया और ध्वनीमत से पास कर दिया गया।

  • 6:47 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    राज्यसभा के 2 सांसदों ने विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया

    राज्यसभा में लुंगीवाला कहने का आरोप लगाने पर विवाद गरमा गया है। इस मामले में पहले राज्यसभा में CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने बीजेपी की सांसद सुष्मिता देव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। अब  सुष्मिता देव ने भी जॉन ब्रिटास के खिलाफ नोटिस दे दिया है। जॉन ब्रिटास के आरोपों का खंडन करते हुए सुष्मिता देव ने कहा कि उन्होंने इस मामले में स्पीकर से कहा है कि वो दोनों आरोप लगाने वालों के फैक्ट चैक करें और अपना फैसला सुनाएं। 10 अगस्त को राज्यसभा में चर्चा के दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। उसके बाद ब्रिटास ने आरोप लगाया कि सुष्मिता देव ने उन्हें लुंगी वाला कहा। केरल के सांसदों ने इस मामले में संसद भवन परिसर में प्रोटेस्ट भी किया।

  • 6:45 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    कौन-कौनसे बिल नहीं हो पाए पास?

    सरकार ने ये बिल तो पास करवा लिए लेकिन विपक्ष की जिद का असर दूसरे बिलों पर पड़ा।

    ये बिल नहीं हो पाए पास-

    • विदेशों से मिलने वाले चंदे और फंडिंग के नियमों को और कड़ा करने वाला FCRA बिल इस सत्र में पास नहीं हो पाया
    • शिक्षा सुधार विधेयक दोनों सदनों की संयुक्त समिति के पास विचाराधीन है।
    • सीटों के नए सिरे से निर्धारण को लेकर परिसीमन बिल पर सरकार विपक्ष को राजी नहीं कर पाई।

     

  • 6:45 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    मानसून सत्र में कितने बिल पास?

    विपक्ष के हंगामे के बावजूद सरकार कुछ हद तक बिल पास करवाने में कामयाब रही। इस मॉनसून सत्र में- 

    • परीक्षाओ में धांधली रोकने वाला एंटी पेपर लीक बिल
    • केरल का नाम बदलकर केरलम करने वाला बिल
    • डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र और नागरिक पंजीकरण बिल
    • सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या से जुड़ा बिल
    • सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के भुगतान के लिए MSME विधेयक
    • इनकम टैक्स और टैक्स सुधार से जुड़ा बिल
    • राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम संशोधन विधेयक
    • और खनन क्षेत्र में सुधारों और राज्यों की मांगों से जुड़ा विधेयक पास करवाने में कामयाबी हासिल की।
  • 6:43 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    लोकसभा में 18 दिन में कितने घंटे काम हुआ?

    लोकसभा में अबतक 18  दिन में सिर्फ 19 घंटे 23 मिनट काम हुआ है। जबकि शेड्यूल के हिसाब से 108 घंटे काम होना चाहिए था। यानि लोकसभा में सिर्फ 18% काम हुआ। 18 दिनों में लोकसभा में 12 बिल पास हुए और राज्यसभा में दो बिल पास हुए। हंगामे की वजह से लोकसभा का करीब 133 करोड़ रुपये बर्बाद हुआ।

  • 6:42 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    अमित शाह के जवाब में कोई दिलचस्पी नहीं-राहुल

    संसद में रोज प्रदर्शन कर रही विपक्ष की कुछ पार्टियां भी चर्चा चाहती हैं लेकिन राहुल गांधी अड़े हुए हैं। उनका सीधा निशाना अमित शाह हैं। वो अमित शाह से जवाब चाहते हैं लेकिन सदन की कार्यवाही नहीं चलने देना चाहते। हालांकि अमित शाह ने स्पीकर को चिट्ठी लिखने के पहले खुद सामने आकर खुद कोशिश की। अमित शाह की ये अपील भी राहुल गांधी की जिद नहीं तोड़ पाई। उन्होंने साफ इशारा दे दिया कि वो शाह को निशाना बनाएंगे और सदन चलाने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। उनका कहना है अमित शाह के भाषण में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है।

     

  • 6:40 AM (IST)
    Posted by Khushbu Rawal

    चर्चा करवाने के लिए अमित शाह ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी

    केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चर्चा करवाने के लिए लोकसभा स्पीकर को चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में शाह ने लिखा है, ''मैं आपसे आग्रह करना चाहता हूं कि आप इस विषय पर विपक्षी दलों के साथ परामर्श करें। सभी दलों की सहमति से इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर बहस के लिए जितना भी समय आवश्यक हो वह आवंटित किया जाए। मैं खुद पूरी चर्चा के दौरान सदन में उपस्थित रहूंगा और बहस के अंत में विपक्ष द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों और आशंकाओं का विस्तार से जवाब दूंगा।''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत