नई दिल्ली: कहते हैं कि जोड़ियां भगवान बनाता है, जो जिसकी किस्मत में होता है उसे वही मिलता है और समय से पहले किसी को कुछ नहीं मिलता। इस बात को चरितार्थ किया है इलाहाबाद के एक शख्स ने। इलाहबाद के दो फीट लंबे प्रमोद कुमार उर्फ भगवानदास को एक लंबे इंतजार के बाद अपनी दुल्हन मिल ही गई। उनकी पत्नी का नाम पूनम है जिसकी लंबाई भी प्रमोद के बराबर ही है। आपको बता दें कि यह शादी बीते मंगलवार को हुई जिसमें आस-पास के सभी लोग शरीक हुए और सभी ने वर-वधू को आशीर्वाद भी दिया था।
प्रमोद कुमार इलाहबाद के बारा जिले के रहने वाले हैं। उनकी एक छोटी सी दुकान है उनकी लंबाई मात्र दो फीट है और बौने होने के कारण कोई उनसे शादी नहीं कर रहा था। जिस कारण उनकी उम्र लगातार बढ़ती ही जा रही थी। लेकिन कहते हैं ना भगवान के घर में देर है लेकिन अंधेर नहीं प्रमोद कुमार को भी अपना जीवनसाथी मिल ही गया। एक दिन प्रमोद के दोस्त को बाजार में एक लड़की दिखी उसकी लंबाई भी प्रमोद जितनी ही थी। उसके बाद उन्होंने लोगों से लड़की के घर का पता लगाया और दोनों परिवारों के मिलने पर रिश्ता तय हो गया।
पूनम का घर इलाहबाद के लड़ीयारी गांव में है। पूनम की उम्र 33 साल की है। पूनम का कहना है कि वह हमेशा अपने परिवार वालों को खुश रखेंगी। भगवानदास ने बताया कि उन्होंने अपने लिए जीवनसाथी खोज लिया है।