नई दिल्ली: मध्य दिल्ली के पटेल नगर में कल शाम एक घर में 92 साल के एक सेवानिवृत्त इंजीनियर और उनकी 64 साल की बहू का शव पाया गया। दोनों की चाकू मारकर हत्या की गई।
पुलिस के अनुसार पूर्व इंजीनियर के बेटे सुधीर ने शाम करीब छह बजे अपने पिता सेवा राम और पत्नी शशि का शव देखा। पुलिस ने कहा कि घटना का पता तब चला जब बीमा एजेंट का काम करने वाले सुधीर ने घर लौटने के बाद घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया और दरवाजे की घंटी का जवाब नहीं मिलने के बाद कई बार अपनी पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, इसके बाद सुधीर ने पास में ही रहने वाली अपनी बहन को बुला लिया। दोनों ने एक अन्य चाबी का इस्तेमाल कर दरवाजा खोला और अंदर खून से लथपथ शव देखे।
पुलिस के अनुसार राम का शव बिस्तर पर पड़ा था जबकि शशि का शव उसके शयनकक्ष की फर्श पर पड़ा था। दोनों के शरीर पर चाकू के कई निशान पाए गए। हालांकि दोहरी हत्या की वजह और साजिशकर्ताओं के ब्यौरे का पता नहीं चला है, पुलिस को इसमैं किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका होने का संदेह है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, घर में कोई तोड़फोड़ नहीं पाई गयी...कीमती चीजों और आभूषणों को भी हाथ नहीं लगाया गया। हमने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रांरभिक जांच से लगता है कि हमलावर घर में घरवालों की मर्जी से घुसा और हत्या के बार संभवत: पिछले दरवाजे से भागा। पुलिस संपत्ति के कोण की भी जांच कर रही है क्योंकि घर राम और उनके बेटे सुधीर के नाम पर है।