मुंबई: प्याज की बढ़ती कीमत के बीच, मुंबई में एक दुकान से 50,000 रुपए कीमत का 700 किलो प्याज कथित तौर पर चोरी हो गया है। पुलिस के मुताबिक विक्रेता अनंत नाईक की वडाला के प्रतीक्षा नगर इलाके में स्थित दुकान से प्याज की करीब 14 बोरियां चोरी हो गईं।
पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) धनंजय कुलकर्णी ने कहा कि 700 किलोग्राम से ज्यादा प्याज चोरी हो गया है।
पुलिस ने कहा कि चोरी हुए प्याज की अनुमानित कीमत 50,000 रुपए आंकी गई है। उन्होंने बताया कि वडाला स्थित टीटी थाने में इस बाबत आईपीसी की धारा 379 (चोरी) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एशिया के सबसे बड़े प्याज बाजार महाराष्ट्र, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों के बाजारों में प्याज की खुदरा कीमत पहले 80 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच चुकी है।