1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस संक्रमण के 78 नए मामले सामने आए, कुल संख्या 1784 हुई

छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस संक्रमण के 78 नए मामले सामने आए, कुल संख्या 1784 हुई

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 17, 2020 08:06 am IST,  Updated : Jun 17, 2020 08:06 am IST

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 78 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढकर 1784 हो गई है।

Coronavirus Updates, Chhattisgarh Coronavirus Updates, Chhattisgarh Coronavirus Deaths- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोना वायरस के कुल 110062 संभावित व्यक्तियों की पहचान कर उनके नमूनों की जांच की गई है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 78 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढकर 1784 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में अलग-अलग अस्पतालों से इलाज के बाद मंगलवार को 102 लोगों को छुट्टी दे दी गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि राज्य में आज 31 लोगों में तथा सोमवार देर रात 47 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।

सबसे ज्यादा 31 मामले बलौदाबाजार से

अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को जिन लोगों में वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई इनमें बलौदाबाजार जिले से 12 लोग, कोरबा से 5, दुर्ग से 4, राजनांदगांव और नारायणपुर से 2-2 तथा रायपुर, कवर्धा, कोरिया, बिलासपुर, महासमुंद और बालोद से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। सोमवार देर रात जिन 47 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई उनमें बलौदाबजार से 19, रायपुर से 10, गरियाबंद से 5, बलरामपुर और राजनांदगांव से 4-4, दुर्ग से 2 तथा जांजगीर-चांपा, महासमुंद और सूरजपुर से एक-एक व्यक्ति में शामिल हैं।

नारायणपुर से सामने आया पहला केस
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के नारायणपुर जिले में पहली बार कोरोना वायरस संक्रमण का मामला सामने आया है। नारायणपुर जिले में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के 2 जवानों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि आईटीबीपी के प्रधान आरक्षक और आरक्षक पिछले दिनों गुजरात और उत्तर प्रदेश से छुट्टी से वापस लौटे थे। वापसी के बाद उन्हें पृथक-वास केंद्र में रखा गया था। अधिकारियों ने बताया कि इनके बीमार पड़ने के बाद इन्हें 10 जून को नारायणपुर जिला अस्पताल के पृथक केंद्र में भेजा गया था।

933 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी
इससे पहले राज्य के राजनांदगांव और कोंडागांव जिले में ITBP के 5 जवानों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई थी। राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ITBP के जवानों को तैनात किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोना वायरस के कुल 110062 संभावित व्यक्तियों की पहचान कर उनके नमूनों की जांच की गई है। अभी तक 1784 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है। जिनमें से 933 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। वहीं, 842 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।