लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में भीषण सड़क हादसा हुआ है। एक ट्रक ने यात्रियों से भरी एक बस को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं जिनमें आधे दर्जन लोगों की हालत काफी नाजुक है।
ये हादसा शनिवार सुबह 5 बजे के करीब हुआ है। बताया जा रहा है कि इस बस के मालिक पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल हैं। एक्सीडेंट से बस की जो हालत हुई उससे अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है कि टक्कर कितनी जबरदस्त थी। बस के पीछे का हिस्सा पूरी तरह तहस नहस हो गया है। ट्रक का शीशा टूट गया है और रफ्तार में बस से लड़ने की वजह से सामने के हिस्से में नुकसान हुआ है।
पुलिस ने सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बता दें कि इससे पहले जुलाई, 2015 में पंजाब के रोपड़ के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज़ रफ़्तार लक्ज़री बस पर कथित तौर पर एक स्कूटर सवार को कुचलने का आरोप लगा था। वह बस भी बादल परिवार की बस कंपनी की थी।