भारत में कई लोगों के लिए घर बैठे ब्लड टेस्ट बुक करना कोई चौंकाने वाली बात नहीं है। लेकिन मुंबई में रहने वाली एक अमेरिकी महिला के लिए यह एक चौंकाने वाला अनुभव था। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसमें दिखाया गया है कि कैसे एक तकनीशियन उनके घर पहुंचा, कुछ ही मिनटों में उनका ब्लड सैंपल लिया और इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @spicygori नामक हैंडल से शेयर किया गया है। लिज़ नाम की महिला ने मुंबई में ब्लड टेस्ट कराने के बाद हुई घटना का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए एक क्लिनिक को फोन किया था और उन्हें उम्मीद थी कि वे वहां जाकर इंतजार करेंगी। लेकिन क्लिनिक ने उन्हें बताया कि सैंपल लेने के लिए कोई उनके घर आएगा। इस सर्विस से प्रभावित होने के कारणों को बताते हुए लिज़ ने कहा, 'मैंने इसे केवल भारत में देखा है, कहीं और नहीं। अस्पताल जाने, इंतज़ार करने, अपॉइंटमेंट लेने और डॉक्टर का इंतज़ार करने से यह कहीं ज़्यादा तेज़ है । इसमें तो बहुत समय लगता है। यहां तो मैं बस घर पर आराम से बैठी रहती हूं। डॉक्टर आते हैं और पाँच मिनट से भी कम समय में, एक या दो मिनट में काम हो जाता है। कमाल है!' कैप्शन में लिज़ ने लिखा, "ऐसा सिर्फ भारत में ही संभव है।"
'अमेरिका की तुलना में कीमत काफी कम'
लिज़ ने कैप्शन में लिखा कि, उन्हें उम्मीद थी कि घर से सैंपल लेने की सेवा के लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा, खासकर इसलिए क्योंकि रक्त परीक्षण की कीमत अमेरिका की तुलना में पहले से ही काफी कम है। उन्होंने कहा कि, 'मुझे मुंबई में रक्त परीक्षण करवाना था, इसलिए मैंने अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए क्लिनिक को फोन किया। मुझे पूरी उम्मीद थी कि मुझे वहां जाना पड़ेगा और लाइन में इंतजार करना पड़ेगा। लेकिन उन्होंने कहा आने की कोई जरूरत नहीं, हम किसी को आपके घर भेज देंगे। एक व्यक्ति आया, सैंपल लिया और 5 मिनट में चला गया। बस यही पूरा अनुभव था।' उन्होंने आगे बताया कि टेस्ट की लागत अमेरिका में लगने वाली लागत का लगभग दसवां हिस्सा थी। उन्होंने कहा, 'यह इतना सस्ता था कि मुझे लगा कि घर से टेस्ट लेना ही एकमात्र समस्या होगी। लेकिन ऐसा नहीं था। यह पूरी तरह से मुफ्त था।'
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर कई यूजर्स के दिलों को छू लिया, जिनमें से कई ने बताया कि इस तरह की घर-घर जाकर दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाएं भारत में आम हैं लेकिन अक्सर इन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है। एक यूजर ने लिखा, 'भारत रहने के लिए एक बेहतरीन जगह है... मुझे अपना भारत बहुत पसंद है... मैं पूरी दुनिया घूमना चाहती हूं लेकिन भारत में रहना मेरी पसंद है।'
दूसरे ने लिखा कि, 'ऐसा कुछ जिसे हम विशेषाधिकार नहीं मानते, लेकिन बाद में पता चलता है कि वह विशेषाधिकार है।'
तीसरे ने लिखा कि, 'स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा सुविधाओं के मामले में कोई भी देश भारत के आसपास भी नहीं आता।'
गौरतलब है कि, इससे पहले यूरोपीय टूरिस्ट ने घर बैठे ब्लड टेस्ट कराया था जिसके बाद वीडियो में चौंकाने वाला एक्सपीरिएंस शेयर किया था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
दांतों का चेकअप कराने ब्रिटेन से भारत लौटा ये शख्स, यूजर्स बोले- 'यहां मेडिकल सर्विस नंबर-1 है'