1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. तेंदुए और नेवले के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत, आखिर किसे छोड़ना पड़ा मैदान? खुद VIDEO देखें

तेंदुए और नेवले के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत, आखिर किसे छोड़ना पड़ा मैदान? खुद VIDEO देखें

 Written By: Amar Deep
 Published : Nov 06, 2026 02:09 pm IST,  Updated : Nov 06, 2026 02:09 pm IST

सूरत के बारडोली क्षेत्र से वाइल्ड लाइफ का एक ऐसा हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आप भी दंग रह जाएंगे। एक तरफ जंगल का खूंखार शिकारी तेंदुआ और दूसरी तरफ आकार में छोटा लेकिन बेहद फुर्तीला नेवला। दोनों के बीच ऐसा आमना-सामना हुआ कि कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं था।

तेंदुए और नेवले के बीच हुई भिड़ंत।- India TV Hindi
तेंदुए और नेवले के बीच हुई भिड़ंत। Image Source : REPORTER INPUT

सूरत: जिले के पलसाणा तालुका के वणेसा गांव का भीमाडा फलिया इन दिनों तेंदुओं की मौजूदगी को लेकर चर्चा में है। यह इलाका मानो तेंदुओं का ठिकाना बनता जा रहा है। अब तक यहां तीन नर तेंदुए, एक मादा तेंदुआ और दो-तीन महीने का एक शावक पकड़ा जा चुका है। इसके बावजूद क्षेत्र में अभी भी कई तेंदुओं की आवाजाही देखी जा रही है। आमतौर पर रात के समय शिकार की तलाश में निकलने वाले तेंदुए इस इलाके में दिन के उजाले में भी बेखौफ घूमते और शिकार करते दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच भीमाडा और गोटिया फलिया के बीच एक अनोखी घटना सामने आई।

आमने-सामने दिखे नेवला और तेंदुआ

जानकारी के मुताबिक, गांव के आयुष हलपति शाम के समय अपने घर से दूध देने के लिए डेयरी में जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें रास्ते में एक खाली जगह पर तेंदुआ बैठा हुआ दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत फ्रेंड्स ऑफ एनिमल्स वेलफेयर ट्रस्ट के जतिन राठौड़ को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही जतिन राठौड़ मौके पर पहुंचे और अपने कैमरे में तेंदुए की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने लगे। इसी दौरान पता चला कि करीब ढाई साल की मादा तेंदुआ शिकार की तलाश में बैठी थी। कुछ देर बाद मादा तेंदुआ धीरे-धीरे एक नेवले की ओर बढ़ी और उसे अपना शिकार बनाने की कोशिश की। लेकिन यहां कहानी ने दिलचस्प मोड़ ले लिया। नेवले ने भी हार मानने के बजाय तेंदुए पर पलटवार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच करीब चार से पांच मिनट तक जबरदस्त भिड़ंत चलती रही।

कैमरे में कैद हुई घटना

जंगल के सबसे खतरनाक शिकारियों में गिने जाने वाले तेंदुए के सामने नेवले की हिम्मत और फुर्ती देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। आखिरकार इस संघर्ष के बाद मादा तेंदुआ पीछे हट गई और दोनों पास के अलग-अलग क्षेत्र की ओर चले गए। इस पूरी घटना को जतिन राठौड़ ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। एक तरफ भीमाडा फलिया में तेंदुओं की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है, तो दूसरी तरफ तेंदुए और नेवले के बीच हुई इस रोमांचक भिड़ंत का वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। (इनपुट- शैलेष चांपानेरिया)

यह भी पढ़ें-

मोबाइल स्नैचिंग का ये Video हैरान कर देगा, बदमाशों ने चलते ऑटो में दिया वारदात को अंजाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।