1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भोपाल में महिला पर तेजाब फेंका, आरोपी ने खुदकुशी की

भोपाल में महिला पर तेजाब फेंका, आरोपी ने खुदकुशी की

 Written By: IANS
 Published : May 22, 2015 02:21 pm IST,  Updated : May 22, 2015 02:21 pm IST

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सिरफिरे अधेड़ व्यक्ति ने एकतरफा प्यार में जिम ट्रेनर (प्रशिक्षक) रेनू पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। युवती की हालत गंभीर है। घटना

भोपाल में महिला पर...- India TV Hindi
भोपाल में महिला पर तेजाब फेंका, आरोपी ने खुदकुशी की

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सिरफिरे अधेड़ व्यक्ति ने एकतरफा प्यार में जिम ट्रेनर (प्रशिक्षक) रेनू पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। युवती की हालत गंभीर है। घटना के बाद आरोपी ने खुद को चाकू घोंपकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस अधीक्षक अरविंद सक्सेना ने आईएएनएस को बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे रेनू (22) नामक युवती स्कूटी से जा रही थी तभी उसे संजय पाटील (45) नामक व्यक्ति ने रोका और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पाटील ने युवती पर तेजाब फेंक दिया। युवती इस हमले में बुरी तरह झुलस गई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। युवती पर कौन-सा तेजाब फेंका गया, इसकी पुलिस जांच कर रही है।

सक्सेना ने आगे बताया कि युवती पर तेजाब फेंकने के बाद आरोपी ने खुद पर चाकू से कई प्रहार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। मृतक के शव को हमीदिया अस्पताल ले जाया गया है।

घायल युवती रेनू ने संवाददाताओं को बताया है कि वह शुक्रवार सुबह रोज की तरह जिम जा रही थी, तभी अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में संजय पाटील नामक व्यक्ति ने उस पर तेजाब फेंक दिया। युवती ने पुलिस को घटना की सूचना दी, मगर पुलिस ने दूसरे थाने का मामला होने पर सहयोग करने से इंकार कर दिया।

युवती का कहना है कि संजय उसे काफी समय से परेशान कर रहा था, इसकी वह पुलिस में शिकायत कर चुकी थी, मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। वह इस घटना के लिए पुलिस को जिम्मेदार मानती है।

इस पर पुलिस अधीक्षक सक्सेना का कहना है कि वह इस बात का पता करेंगे कि युवती ने शिकायत की थी तो उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

पीड़ित युवती के सहकर्मी अमोल ने पुलिस के रवैए पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि तेजाब फेंके जाने के बाद रेनू ने उन्हें फोन किया, वह मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे तो पुलिस ने ऐसा करने से रोका। पुलिस ने कहा कि युवती को पहले थाने ले चलें, ताकि कानूनी प्रकिया पूरी हो सके। वह किसी तरह लड़ झगड़ कर युवती को अस्पताल ले गए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत