1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केदारनाथ प्रलय के पांच साल बाद परिवार से मिली चंचल, पापा को कर रही है याद

केदारनाथ प्रलय के पांच साल बाद परिवार से मिली चंचल, पापा को कर रही है याद

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 26, 2018 12:12 pm IST,  Updated : Dec 26, 2018 12:12 pm IST

2013 में केदारनाथ त्रासदी के दौरान चंचल बाढ़ में अपने माता-पिता से बिछड़ी गई थी।

2013 में केदारनाथ...- India TV Hindi
2013 में केदारनाथ त्रासदी के दौरान चंचल बाढ़ में अपने माता-पिता से बिछड़ी गई थी, जो अब लौट आई है।

अलीगढ़: केदारनाथ में 2013 में आए जल प्रलय में परिवार से बिछड़ी 17 साल की चंचल पांच साल बाद अपने परिजन से मिली। बन्नादेवी इलाके में रहने वाले चंचल के दादा हरीश चंद और दादी शकुंतला देवी के लिए ये किसी चमत्कार से कम नहीं है।

दादा-दादी ने संवाददाताओं को बताया कि चंचल मनोरोगी है और वो माता-पिता के साथ केदारनाथ दर्शन करने गई थी। उसी समय तबाही हुई। पिता बाढ़ में बह गए जबकि मां कुछ समय बाद घर लौट आई।

उस समय चंचल की उम्र 12 साल थी । बाढ़ में वो अपने परिवार से बिछड़ गई और किसी भले आदमी ने उसे जम्मू स्थित एक आश्रम द्वारा संचालित अनाथालय भेज दिया। चाइल्ड लाइन अलीगढ़ के निदेशक ज्ञानेन्द्र मिश्र ने लड़की को उसके घर पहुंचाने में मदद की।

मिश्र ने बताया कि कुछ महीने से आश्रम वाले देख रहे थे कि चंचल बोलचाल की सीमित क्षमता के बावजूद अलीगढ़ के बारे में कुछ बताने का प्रयास कर रही थी।​ चंचल के यही प्रयास काम आए और फिर पुलिस की मदद से चंचल को उसके परिवार तक पहुंचाया गया। दादा-दादी ने बताया कि चंचल अभी भी अपने पिता राजेश को पुकारती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत