1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अहमदाबाद नगर निगम ने ‘नमस्ते ट्रंप’ वाले पोस्टर जारी किए

अहमदाबाद नगर निगम ने ‘नमस्ते ट्रंप’ वाले पोस्टर जारी किए

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 16, 2020 11:42 pm IST,  Updated : Feb 16, 2020 11:56 pm IST

डोनाल्ड ट्रंप यहां प्रसिद्ध गांधी आश्रम आएंगे और नरेंद्र मोदी के साथ 22 किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे।

Namaste Trump- India TV Hindi
Namaste Trump Poster Image Source : TWITTER

अहमदाबाद। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 24 फरवरी को अहमदाबाद यात्रा से पहले अहमदाबाद नगर निगम ने शनिवार को ‘नमस्ते ट्रंप’ वाले पोस्टर ट्वीट किए। ट्रंप यहां प्रसिद्ध गांधी आश्रम आएंगे और नरेंद्र मोदी के साथ 22 किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोनों नेता मोटेरा में एक नये क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे और वहां एक सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। पहले ऐसा अनुमान था कि इस कार्यक्राम का नाम ‘खेम छो ट्रंप’ होगा लेकिन पोस्टरों ने इसकी पुष्टि की है कि अब यह ‘नमस्ते ट्रंप’ होगा।

ट्रंप के रोड शो के दौरान तैनात रहेंगे 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 24 फरवरी को अहमदाबाद में होने वाले रोड शो में 25 वरिष्ठ IPS अफसरों के नेतृत्व में 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पहली बार दो दिवसीय यात्रा पर भारत आ रहे ट्रंप अहमदाबाद में एक रोडशो में शिरकत करेंगे और साबरमती आश्रम का दौरा भी करेंगे। उनका मोटेरा में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम के उदघाट्न का कार्यक्रम भी निर्धारित है।

पुलिस उपायुक्त (नियंत्रण कक्ष) विजय पटेल ने कहा कि 65 सहायक आयुक्त, 200 निरीक्षक और 800 उपनिरीक्षकों समेत करीब 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी शहर के रणनीतिक स्थानों पर तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि अमेरिकी खुफिया विभाग, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ करीब 22 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे, जोकि अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से शुरू होकर साबरमती आश्रम और इंदिरा ब्रिज होते हुए मोटेरा स्टेडियम तक जाएगा।

पटेल ने कहा कि एनएसजी की एंटी स्नाइपर टीम भी रूट पर तैनात रहेगी। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खोजी और बम निरोधक दस्ते पहले से ही पूरे रूट की पड़ताल में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि होटलों में ठहरे नए मेहमानों की जानकारी जांचने के लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा है, खासतौर पर विदेश से आए लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। व्यक्तिगत तौर पर न्यौता दिए गए करीब 1.10 लाख मेहमान स्टेडियम में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि इन मेहमानों की पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत